top of page

२ घंटे में बोहरा परिवार के घर से लाखों का माल ले उड़े बदमाश

17 Sept 2022

उज्जैन के जूना सोमवारिया की घटना

मालवा हेराल्ड | बोहरा परिवारों के दो घर में चोरों ने कुछ घंटे में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। रात में लौटे परिवारों को ताले टूटे मिले तो पुलिस को सूचना दी गई। चोरों का पता लगाने के लिए कैमरों के फुटेज देखे जा रहे है। जूना सोमवारिया स्थित बोहरा समाज की ५२ फ्लैट मल्टी में रहने वाले सभी लोग गुरुवार रात ९ बजे धार्मिक कार्यक्रम होने पर मस्जिदों में गये हुए थे। मल्टी सूनी होने पर चोरों ने धावा बोला और तीसरी मंजिल पर रहने वाले हुजेफा पिता अब्दुल अली के फ्लैट का ताला तोडक़र अंदर पहुंच गये। घर की तलाशी लेते हुए चोरों ने अलमारी का लॉक भी तोड़ दिया और उसमें रखे डेढ़ लाख रुपये नगद, सोने के आभूषण चोरी कर लिये। पहली वारदात में ही बड़ा माल हाथ लगने पर चोर वहां से भाग निकले। रात ११ बजे हुजेफा अली घर पहुंचे तो वारदात का पता चला। मामले की सूचना जीवाजीगंज थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच के लिये पहुंची इस दौरान सामने आया कि हुजेफा फेरी लगाकर कपड़ों का कारोबार करता है, पत्नी शहर से बाहर गई है। जिसके आने पर चोरी हुए आभूषणों की जानकारी सामने आ पाएगी। पुलिस ने शुक्रवार को चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।


सकारिया सुल्तान की गली में भी वारदात


चोरों ने अब्दालपुरा के पास सकारिया सुल्तान की गली में रहने वाले सैफुउद्दीन पिता अली हुसैन के घर भी वारदात को अंजाम दिया। सैफुउद्दीन का परिवार १४ जुलाई को धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिये शहर से बाहर गया था। शुक्रवार को लौटने पर ताला टूटा मिला। चोरों ने घर में कुछ कीमती सामान नहीं मिला तो वहां लगे दो एसी चुराकर ले गये। उक्त मामले में भी जीवाजीगंज पुलिस जांच कर रही है।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page