
उज्जैन। शहर की सात प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण कर रही भोपाल की बिलीफ बिल्डकॉन कंपनी पर नगर निगम ने पहली बार बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। काम में लगातार देरी और लापरवाही के चलते कंपनी को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इस अवधि में कंपनी उज्जैन नगर निगम से कोई भी नया काम नहीं ले सकेगी। साथ ही गदापुलिया-मंछामन-इंदौर रोड सीमेंट कांक्रीट सड़क और नाला निर्माण का ठेका भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
उज्जैन नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि विशेष निधि से बनाई जा रही इस सड़क के लिए 15 मार्च 2024 को बिलीफ बिल्डकॉन को वर्क ऑर्डर जारी किया गया था। कंपनी को 18 महीने के भीतर निर्माण कार्य पूरा करना था, लेकिन तय समयसीमा बीत जाने के बाद भी काम अधूरा ही रहा।
काम की धीमी प्रगति को लेकर कंपनी को कई बार नोटिस जारी किए गए। टाइमलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए। शोकॉज नोटिस, स्थल निरीक्षण, सिंहस्थ समीक्षा बैठक, ई-मेल, व्हाट्सएप और मौखिक रूप से भी निर्माण कार्य तेज करने को कहा गया, लेकिन कंपनी की ओर से संतोषजनक सुधार नहीं हुआ। विभागीय पत्रों के जवाब भी संतोषजनक नहीं मिले।
सिंहस्थ की दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क
गदापुलिया से इंदौर रोड तक का यह मार्ग आगामी सिंहस्थ आयोजन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के लिए यह सड़क प्रमुख कड़ी है। ऐसे में निर्माण में देरी को गंभीरता से लेते हुए निगमायुक्त ने अनुबंध पत्र के सेक्शन-3 (जीसीसी) के उपनियम-27 के तहत कार्रवाई की।
कंपनी की बैंक गारंटी और सिक्युरिटी डिपॉजिट राशि राजसात करते हुए सड़क निर्माण का ठेका समाप्त कर दिया गया। साथ ही आगामी तीन वर्षों के लिए कंपनी को नगर निगम के सभी कार्यों से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
इन सड़कों पर चल रहा है कंपनी का काम
बिलीफ बिल्डकॉन वर्तमान में शहर की कई अन्य सड़कों पर भी कार्य कर रही है, जिनमें
-कोयला फाटक से गोपाल मंदिर
-वीडी मार्केट से ढाबा रोड
-देवास रोड-संकुल भवन-विक्रम नगर
-एमआर-4 से एमआर-21
-गाड़ी अड्डा से बियावनी
इन कार्यों की स्थिति पर भी अब निगम की विशेष नजर रहेगी।