top of page

उज्जैन में लोकतंत्र के लोकोत्सव भारत पर्व का आयोजन संपन्न

उज्जैन। गणतंत्र दिवस की संध्या पर स्वराज संस्थान संचालनालय, संस्कृति विभाग, मध्य प्रदेश शासन, जिला प्रशासन और जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में लोकतंत्र के लोकोत्सव भारत पर्व का आयोजन कालिदास अकादमी के पंडित सूर्य नारायण व्यास संकुल सभागृह में किया गया।


कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि सांसद अनिल फिरोजिया, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव, जिला पंचायत सदस्य सुश्री अजिता परमार, संजय अग्रवाल एवं अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए।


अतिथियों द्वारा सर्वप्रथम मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट द्वारा अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।


कार्यक्रम के प्रारंभ में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इसके पश्चात प्रतिभा संगीत कला अकादमी की छात्राओं द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति दी गई। बालिका कु.वेदिका नागर द्वारा कत्थक नृत्य के माध्यम से सरस्वती वंदना की गई । इसके पश्चात आगर मालवा के लोक कलाकारों के दल द्वारा मटकी नृत्य पनिहारी, प्यारो लागे रे, म्हारो मालवो देश और ओ जोगी बंजारा रे लोकगीत और नृत्य की प्रस्तुति दी गई।


कार्यक्रम में धार की कलाकार सुश्री श्वेता गुंजन जोशी द्वारा देशभक्ति गीत जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, आरंभ है प्रचंड , दिल दिया है जान भी देंगे ए वतन तेरे लिए जैसे गीतों की रंगारंग प्रस्तुति दी गई। जिनका कला प्रेमी दर्शकों ने आनंद लिया।


इस दौरान कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, वनमण्डलाधिकारी अनुराग तिवारी,अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्र खत्री, एडीपीसी गिरीश तिवारी एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अमित शर्मा व सुश्री अनामिका सोनी ने किया।


भारत पर्व की संध्या पर संभागीय जनसंपर्क कार्यालय द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसका अवलोकन विशिष्ट अतिथियों एवं अन्य नागरिकों द्वारा किया गया।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page