top of page

Ujjain News : जनगणना अत्‍यंत महत्‍वपूर्ण कार्य, इसे पूर्ण निष्‍ठा के साथ करें- कलेक्‍टर रौशन कुमार सिंह

उज्जैन। कलेक्‍टर रौशन कुमार सिंह गुरुवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में भारत की जनगणना 2027 कार्य अंतर्गत जिला स्‍तरीय चार्ज अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्‍होंने अधिका‍रियों को निर्देश दिए कि जनगणना अत्‍यंत महत्‍वपूर्ण कार्य है। इसे पूर्ण निष्‍ठा के साथ करें। इसके क्रियांवयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।


कलेक्‍टर सिंह ने निर्देश दिए कि जनगणना के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार समय सीमा में कार्यपूर्ण किया जाए। जनगणना 2027 देश की प्रथम डिजिटल जनगणना होगी। जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। मकान सूचीकरण के कार्य के लिए स्‍वगणना का विकल्‍प 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक रहेगा। इसके पश्‍चात प्रगणकों और पर्यवेक्षकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना 2027 का प्रथम चरण 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। सभी अधिकारी अपने-अपने चार्ज क्षेत्र में विशेष फोकस करें। जनगणना के प्रथम चरण में मकानों का सर्वे कार्य होगा। इसमें निर्धारित प्रपत्र के अनुसार ही जानकारी दर्ज की जाए।


कलेक्‍टर सिंह ने जानकारी दी कि जनगणना का प्रशिक्षण राज्‍यस्‍तर पर विगत 13 फरवरी को भोपाल में आयोजित किया गया था। जिला स्‍तर पर मुख्‍य गणना अधिकारी कलेक्‍टर होंगे। जनगणना 2011 के बाद वर्ष 2026 में हो रही है। यह देश की 8वीं जनगणना है। जनगणना का प्रशिक्षण मास्‍टर ट्रेनर्स के द्वारा दिया जा रहा है। किसी भी तरह का संदेह न रखें। यदि किसी विषय पर संशय है तो तुरंत मास्‍टर ट्रेनर्स से प्रश्‍न करें। सभी अधिकारी प्रशिक्षण अच्‍छे से प्राप्‍त करें। जनगणना में नगरीय निकायों के इंचार्ज संबंधित सीएमओ होंगे।


उल्‍लेखनीय है कि जनगणना कार्य निदेशालय के माध्‍यम से जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण का कार्य होना है। जनगणना 2027 के सफल क्रियान्‍वयन के लिए जिला स्‍तर पर 17 फरवरी से 20 फरवरी तक जिला पंचायत उज्‍जैन के सभा कक्ष में चार्ज अधिकारी और जनगणना लिपिकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।


जनगणना के डिजिटल टूल्‍स


1. आंकड़ों का संग्रहण-


अ. मकान सूचीकरण ऐप ( हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन्‍स HLO App)


ब . जनगणना ऐप ( पॉपूलेशन इनूमरेशन PE App)


2. स्‍व गणना पोर्टल


3. सेन्‍सस् मैनेजमेन्‍ट एंड मॉनिटरिंग सिस्‍टम (CMMS) पोर्टल


4. हाउस लिस्टिंग ब्‍लाक क्रिएटर ( HLBC) वेब मेप ऐप


जनगणना 2027 के लिए मास्‍टर ट्रेनरों द्वारा फिल्‍ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिल्‍ड ट्रेनरों द्वारा प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को 03 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। जनगणना 2027 में भाग लेने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को शासन द्वारा मनदेय भी दिया जाएगा।


इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमट, अपर कलेक्‍टर शाश्‍वत शर्मा, संयुक्‍त संचालक योजना डॉ. पी.एस. मालवीय, जिला सांख्‍यिकी अधिकारी श्रीमती राजश्री सांखला और जनगणना के मास्‍टर ट्रेनर्स तथा चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page