top of page

Ujjain News: मुख्यमंत्री ने परिवार संग किए महाकालेश्वर के दर्शन

11 Sept 2023

अच्छी बारिश के लिए जताया महाकालेश्वर का आभार

उज्जैन। सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान परिवार के साथ महाकालेश्वर के दर्शन करने पहुंचे। सूखे की हालत से गुजर रहे प्रदेश में बारिश की प्रार्थना स्वीकार करने पर पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए कामना की। सीएम शिवराज सिंह चौहान, पत्नी साधना और बेटे कुणाल चौहान के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे। वहीं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने भी बाबा महाकाल के दर्शन किए।


ree

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार तीसरे सोमवार को एक बार फिर पत्नी साधना सिंह और बेटे कुणाल चौहान के साथ उज्जैन पहुंचे। वे सुबह भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा उज्जैन पहुंचे। यहां नागझिरी स्थित हेलीपैड पर स्थानीय भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। यहां से मुख्यमंत्री सीधे महाकाल मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गर्भ गृह में जाकर बाबा महाकाल का पंचामृत अभिषेक किया।


अनुष्ठान पूजन कर की थी अच्छी बारिश की प्रार्थना.....


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पिछले सोमवार को अच्छी बारिश की कामना को लेकर बाबा महाकाल के दरबार में महारुद्र अनुष्ठान में शामिल हुए थे। इसके बाद बाबा महाकाल की कृपा से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हुआ। इसी के चलते सीएम शिवराज आज बाबा महाकाल का आभार व्यक्त करने उज्जैन पहुंचे। महारुद्र अनुष्ठान शासकीय पुजारी पं. घनश्याम शर्मा ने कराया। महाकाल मंदिर के पुजारियों और 66 ब्राह्मणों ने महाकाल के सम्मुख नंदी मंडपम में 1331 रुद्र पाठ किए। प्रदेश में सुख समृद्धि और अच्छी बारिश की कामना के लिए अनुष्ठान हुआ। दर्शन के बाद सीएम शिवराज ने कहा था कि, प्रदेश में अच्छी बारिश हो और सभी का कल्याण हो ऐसी कामना भगवान महाकाल से की है। प्रदेश में अल्प वर्षा के कारण संकट के हालत पैदा हो गए हैं। जिससे निपटने के लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है। इस दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट भी मौजूद रहे थे।


ये भी पढ़ें -



 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page