top of page

शहर में बादल छाए, बूंदाबांदी भी हुई

7 Apr 2024

दिन और रात का तापमान में मौसम में बदलाव के कारण मामूली गिरावट

उज्जैन। हवाओं का रुख अभी पश्चिमी है, इस वजह से तपिश बरकरार है। हालांकि हवाओं के साथ अरब सागर से कुछ नमी आने से शहर में रविवार की सुबह बादल छाने लगे थे। सुबह न्यूनतम तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई। दोपहर में कई इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई।


वेधशाला अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात भी बना है। इसके अतिरिक्त दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश से लेकर तमिलनाडु तक एक द्रोणिका बनी हुई है। मौसम शुष्क बना रहने से अभी दो दिन तक तपिश बरकरार रहने की बात कही जा रही है। 6 अप्रैल से मौसम के मिजाज में कुछ परिवर्तन आया है। उज्जैन सहित प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल छाने लगे हैं। साथ ही तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। उन्होंने बताया कि रविवार तथा सोमवार को उज्जैन सहित प्रदेश के कई शहरों में तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ वर्षा होने के आसार है। मौसम प्रणालियों के अलावा अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी में प्रति चक्रवात भी मौजूद हैं। इस वजह से हवाओं का रुख पश्चिमी बना हुआ है। हवाओं के साथ कुछ नमी आने की वजह से ऊंचाई के स्तर पर बादल बने हुए थे। इसके कारण रविवार को उज्जैन के अलावा ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, दमोह, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना में ओले-बारिश का दौर रहेगा। वहीं, भोपाल, विदिशा, रायसेन, देवास, खंडवा, खरगोन, इंदौर में गरज-चमक और बूंदाबांदी की स्थिति बन सकती है। दोपहर में शहर के कई इलाकों में बूंदाबांदी होती रही।रविवार सुबह वेधशाला में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं कल अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। बादल छाने के कारण सुबह मौसम में नमी का स्तर 47 प्रतिशत रह गया था।

bottom of page