top of page

कलेक्‍टर रौशन कुमार सिंह ने ली सिंहस्थ निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक

उज्जैन। कलेक्‍टर रौशन कुमार सिंह ने शनिवार को सिहंस्थ मेला कार्यालय के सभागृह में सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे अधोसंरचना विकास के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में कलेक्‍टर सिंह ने निर्देश दिए कि मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरुप अधिकारी निर्माण कार्य स्‍थल पर उपस्थित रहकर नियमित रुप से प्रगतिरत कार्यों की मॉनीटरिंग करें। साथ ही कार्यों की गुणवत्‍ता पर विशेष ध्‍यान दे, जिससे श्रद्धालुओं के सिंहस्‍थ 2028 के अनुभव को भव्‍य, दिव्‍य और आध्‍यात्मिक स्‍वरूप दिया जा सके। समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को सिंहस्‍थ के लिए किए जा रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देकर कहा कि विकास कार्यों को पूर्ण करने के लिए एक-एक दिन महत्‍वपूर्ण है।


समीक्षा बैठक में कलेक्‍टर सिंह ने नगर निगम को मार्ग चौडीकरण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रत्‍येक सप्‍ताह नगर निगम मार्ग चौडीकरण के कार्यों की रिपोर्ट बैठक में प्रस्‍तुत करें और रिपोर्ट में किए गए कार्यों की फोटो भी संलग्‍न करें। समीक्षा के दौरान कलेक्‍टर सिंह ने नगर निगम के सहायक यंत्री और उप यंत्री को कारण बताओ नोटि‍स जारी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में स्‍मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा ने जानकारी दी कि विक्रम कीर्ति‍ मंदिर का इंटीरियर का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। बैठक में कलेक्‍टर ने वीरभारत न्‍यास के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में यूडीए के कार्यों की भी समीक्षा की गई।


बैठक में प्रभारी नगर निगम आयुक्‍त संतोष टैगोर, विशेष कर्तव्‍यस्‍थ अधिकारी गोपाल डाड और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page