

उज्जैन। उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा किए जा रहे कार्यों को लेकर कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बैठक ली। बैठक में कलेक्टर सिंह ने स्मार्ट सिटी लिमिटेड को शहर के लोगों के जीवन को सरल बनाने वाले प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा और हेलमेट के प्रति जागरुक करने और यातायात के नियमों की जानकारी देने के लिए स्कूलों, कॉलेजों, हॉस्टलों में सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से प्रचार करने के निर्देश दिए।

सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन के कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने स्मार्ट सिटी के माध्यम से किए जा रहे कार्यों में विक्रम कीर्ति मंदिर संग्रहालय का उन्नयन, वीर भारत संग्रहालय, नृसिंह घाट तिराहा से राम घाट तक सड़क निर्माण, भारत माता मंदिर से अहिल्याबाई पार्किंग सड़क निर्माण, महाकाल पार्किंग से चौबीस खंबा मंदिर तक सड़क निर्माण, मोदी का चोपड़ा (बावडी) जीर्णोंद्धार एवं उन्नयन कार्य, स्नेक पार्क, बांगड़ भवन के सभागार का नवीनीकरण और citiis-2.0 के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि स्मार्ट सिटी के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर नए प्लान तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने कहा कि शहर में लोगों के जीवन को कैसे सरल बनाया जाए, इसके लिए भी प्लान तैयार करें और आवश्यकता हो तो विशेषज्ञों को भी प्लान में शामिल करें। कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि श्री महाकालेश्वर मंदिर के आस-पास निकलने वाले वेस्ट के लिए उचित प्रबंधन किए जाए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, सीईओ स्मार्ट सिटी संदीप शिवा सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।