top of page

Ujjain News : कलेक्टर सिंह और जिला पंचायत सीईओ कूमट ने बड़नगर अनुभाग का किया औचक निरीक्षण

उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट ने शुक्रवार दोपहर बड़नगर अनुभाग का औचक निरीक्षण कर शासकीय योजनाओं और संकल्प से समाधान अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा की। कलेक्टर सिंह ने बड़नगर तहसील के ग्राम चिकली के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पीएम श्री शासकीय एकीकृत विद्यालय, पंचायत भवन का निरीक्षण किया । इसके पश्चात कलेक्टर सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंगोरिया और ग्राम पंचायत इंगोरिया में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया।


कलेक्टर सिंह ने निरीक्षण के दौरान पीएम श्री शासकीय एकीकृत विद्यालय में बोर्ड परीक्षाओं की संचालन व्यवस्था और मध्यान्‍ह भोजन की गुणवत्ता देखी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने विद्यालय स्थित आईसीटी लेब सह डिजिटल लाइब्रेरी का अवलोकन किया। अटल लेब के संबंध में जानकारी दी गई कि लेब में स्कैच जूनियर प्लेटफॉर्म के माध्यम से छात्रों द्वारा डिजिटल स्केच किया जाता है। साथ ही छात्रों को कोडिंग भी सिखाई जा रही है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर चिकली के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्री सिंह ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर,चिकली में संस्थागत प्रसव,एएनसी पंजीयन और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली।


कलेक्टर सिंह ने स्कूल परिसर स्थित पंचायत भवन और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर निर्देश दिए कि 30 सितंबर तक 6 वर्ष आयु के होने वाले सभी बच्चों के समग्र आईडी, आधार आईडी और जन्म प्रमाण पत्र बनवाना पंचायत सचिव,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनिश्चित करें। इसी के साथ यह भी सुनिश्चित करे कि ग्राम पंचायत के सभी ग्रामों के सभी 6 वर्ष तक के बच्चों का शाला में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।


इसके पश्चात कलेक्टर सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंगोरिया,तहसील बड़नगर का निरीक्षण किया। कलेक्टर सिंह ने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि डॉक्टर्स और सभी स्टाफ समय पर उपस्थित रहे। कलेक्टर सिंह ने ओपीडी,दवाई वितरण की व्यवस्था देख मरीजों और उनके परिजनों से यथास्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर सिंह ने बीएमओ को निर्देश दिए कि सभी प्रसव संस्थागत हो यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर सिंह ने निरीक्षण के दौरान ड्यूटी चार्ट देख बीएमओ को निर्देश दिए कि बिना सूचना के अनुपस्थित डॉक्टर्स को नोटिस जारी करें। निरीक्षण के अंत में कलेक्टर सिंह ने इंगोरिया में नवीन निर्मित किए जा रहे आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर विद्युत डीपी शिफ्ट करने के कार्य के बाद निर्माण कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान एसडीएम बडनगर धीरेन्‍द्र पाराशर, बडनगर जनपद सीईओ, तहसीलदार और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page