top of page

Ujjain News: नदी में छलांग लगाने के 33 घंटे बाद मिला युवक का शव

5 Aug 2023

बुधवार की रात नरसिंह घाट पर बने पुल से कूदा था नदी में, परिजनों को हत्या की आशंका

उज्जैन।बुधवार रात नृसिंह घाट के पुल से नदी में छलांग लगाने वाला युवक 33 घंटे बाद शुक्रवार सुबह 7 बजे के लगभग सुनहरी घाट के बड़े पुल के नीचे स्टाप डेम में फंसा मिला। पुलिस और होमगार्ड जवानों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की।


पानी के तेज बहाव के कारण नृसिंह घाट से बहतेे हुए वो बड़े पुल तक पहुंच गया था। जबकि गुरुवार को दिनभर उसकी खोजबीन रामघाट की छोटी रपट तक की जा रही थी। उसकी जेब से पुलिस ने मोबाइल फोन और बाइक की चाबी बरामद की है। युवक ने आत्महत्या क्यों की इसके कारणों की जाच की जा रही है।


मृतक की बहनों ने षड्यंत्र पूर्वक भाई की हत्या करने का कुछ लोगों पर आरोप भी लगाया है। पुलिस ने बताया शुक्रवार सुबह 7 बजे यश पिता श्याम सुंदर सिसौदिया का शव सुनहरी घाट स्थित बडे पुल के नीचे से बरामद किया है। उसकी जेब से मोबाइल और बाइक की चाबी जब्त की है।


पंचनामे के बाद पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया


पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया प्रेम त्रिकोण में यश द्वारा आत्महत्या करने की बात सामने आ रही हैं। इस पूरे मामले में यश की बहनों ने आरोप लगाया है कि भाई ने आत्महत्या नहीं की षड्यंत्र पूर्वक उसकी हत्या की गई है। यश की बहनों ने पुलिस को बताया कि यश वेदनगर की जिस लड़की से बात करता था। वो यश से पहले वेदनगर के रहने वाले यश के दोस्त सौरभ से बात करती थी। सौरभ से संबंध खत्म कर उसकी नजदीकियां यश से बढ़ गई थी। सौरभ और यश दोनों पुराने दोस्त हैं लेकिन इसी लड़की को लेकर दोनों बीच मनमुटाव हो गया था। कुछ समय से वेदनगर की लड़की वापस सौरभ के संपर्क में आ गई और बातचीत शुरू कर दी। इस बारे में यश को पता चला तो दोनों बीच विवाद हुआ। मृत्यु से आधे घंटे पहले यश की सौरभ से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उसने फोन बंद कर लिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यश ने बुधवार रात लगभग 10 बजे नदी में छलांग लगाई थी। इसके करीब आधे घंटे पहले दोस्त सौरभ से उसकी बातचीत हुई थी। सौरभ ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों से उसके दोस्त यश और वेदनगर की लड़की दोनों से उसकी बातचीत बंद थी। कुछ दिनों पहले ही वापस बात करना शुरू किया था। घटना वाले दिन यश से फोन पर बात हुई और हम बैठकर बातचीत करने वाले थे। उसने बताया कि रात को उससे फोन पर बात होने के बाद उक्त लड़की का फोन आया और उसने कहा कि यश को देख लो वो नदी की तरफ गया है कहीं कुछ कर ना ले। इस बारे में जीवाजी गंज थाना टीआई गगन बादल ने बताया कि शिप्रा नदी से युवक का शव मिला है। प्रकरण दर्ज कर मामले में जांच की जा रही है।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page