
18 Jul 2023
मामला केडी गेट से ईमली तिराहा चौड़ीकरण का-एक दर्जन धर्मस्थल आ रहे हैं जद में
उज्जैन।केडी गेट से इमली तिराहा तक रोड चौड़ीकरण की जद में आ रहे धर्मस्थलों को हटाने को लेकर नगर निगम ने मंगलवार तक का समय दिया था। जिसमें स्वयं द्वारा धर्म स्थलों को हटाने की चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके एक भी धार्मिक स्थल को हटाने की बीते दिन किसी ने पहल नहीं की।
उल्लेखनीय है कि केडी गेट से लेकर इमली तिराहा तक कुल 12 धर्म स्थल चौड़ीकरण की जद में आ रहे हैं। इसमें तीन जैन मंदिर के अलावा मस्जिद की दुकानें तथा अन्य मंदिर शामिल है।पहले कौन अपने धर्मस्थल या उससे लगी दुकानें हटाएं, इसको लेकर भी अनिर्णय की स्थिति है। माना जा रहा है कि आज बुधवार को नगर निगम प्रशासन अपनी ओर से कोई सख्त कदम उठा सकता है। जैन मंदिरों के हिस्से हटाने के विरोध में समाज के घरों पर मंगलवार से फ्लेक्स लगाने की तैयारी कर ली गई , जिन पर लिखा होगा ‘मंदिर तोडऩे वालों को वोट नहीं देंगे।
————-
निर्देश का भी नहीं हुआ कोई असर...
————-
केडी गेट रोड का चौड़ीकरण काम धर्मस्थलों के कारण अटका हुआ है। 12 से अधिक धर्मस्थल इसकी सीमा में आ रहे हैं। अधिकतर मंदिर हैं और जैन समाज के तीन मंदिर भी चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे हैं। निगम प्रशासन द्वारा सभी को अपने हिस्से हटाने के निर्देश देकर चेतावनी भी दी जा चुकी है, लेकिन मंगलवार तक किसी ने भी स्वेच्छा से अपना हिस्सा नहीं हटाया। कुछ मंदिर रोड के बीच में होने से इनकी शिफ्टिंग जरूरी हो गई है, लेकिन निगम प्रशासन से यह मांग की जा रही है कि वे नई जगह मंदिर बनाकर दें। इसी जद्दोजेहद में न कोई निर्णय नहीं हो सका है न कोई सहमति बन सकी है। चर्चा है कि निगम प्रशासन ही अब केडी गेट से इमली तिराहा तक कार्रवाई कर सकता है। हालांकि इसकी अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
————
जैन समाज आज से लगाएगा फ्लेक्स
————
नयापुरा क्षेत्र में दिगंबर और श्वेतांबर जैन मंदिर के हिस्से हटाने को लेकर भी अनिर्णय की स्थिति बनी हुई है। श्री आदिश्वर चंदाप्रभुजी जैन श्वेतांबर धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास द्वारा मंदिर को चौड़ीकरण से मुक्त रखने के लिए जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दे चुका है।
वहीं ट्रस्ट के निर्णय पर आज बुधवार से जैन समाज के घरों पर फ्लेक्स लगाने की मुहिम शुरू की जा जाएगी, जिसमें मंदिरों को तोडऩे वालों को वोट न देने के नारे लिखे गए हैं।