
उज्जैन। शहर के खेल परिदृश्य को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कानीपुरा प्रधानमंत्री आवास मल्टी के समीप अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के तहत स्वीकृत इस प्रोजेक्ट पर 3.47 करोड़ रुपये खर्च होंगे। हाल ही में भूमिपूजन के साथ ही निर्माण एजेंसी को वर्कऑर्डर जारी कर दिया गया है।
यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 1.703 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होगा। योजना के अनुसार निर्माण कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में पूरे परिसर की बाउंड्रीवॉल के साथ 200 मीटर लंबा सिंथेटिक रनिंग ट्रैक तैयार किया जाएगा, जिससे एथलेटिक्स से जुड़े खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधा मिलेगी।
जबकि दूसरे चरण में इनडोर स्टेडियम भवन, ओपन गार्डन एरिया, डेकोरेटिव वेलकम वॉल, स्ट्रीट लाइटिंग और बैडमिंटन कोर्ट बनाए जाएंगे। इसके अलावा परिसर में मल्टीपरपज खेल क्षेत्र, जिम्नेशियम और पारंपरिक खेल मलखंभ के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
शहर के साथ-साथ बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को ध्यान में रखते हुए हॉस्टल ब्लॉक का भी प्रावधान रखा गया है, ताकि उन्हें अभ्यास के दौरान ठहरने में परेशानी न हो। आगंतुकों और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था, गार्ड रूम और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शासन स्तर पर पहले ही स्थान का चयन हो चुका था और अब निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद काम तेज़ी से आगे बढ़ेगा। उम्मीद है कि तय समयसीमा में यह प्रोजेक्ट पूरा कर लिया जाएगा, जिससे उज्जैन के युवा खिलाड़ियों को नई उड़ान मिलेगी।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की प्रमुख खासियतें...
कुल लागत: 3.47 करोड़ रुपये
क्षेत्रफल: 1.703 हेक्टेयर
200 मीटर सिंथेटिक रनिंग ट्रैक
इनडोर स्टेडियम व बैडमिंटन कोर्ट
जिम्नेशियम, मलखंभ व मल्टीपरपज खेल क्षेत्र
बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल सुविधा
पार्किंग, सुरक्षा व स्ट्रीट लाइटिंग की व्यवस्थाएं