top of page

गुड़ी पड़वा से आरंभ होगा हिंदू नव वर्ष

8 Apr 2024

सुबह शिप्रा तट पर हजारों लोग देंगे सूर्य को अर्घ्य, चैत्र नवरात्रि की होगी शुरुआत

उज्जैन। आज चैत्र मास की प्रतिपदा से हिंदू नव वर्ष का आरंभ होगा। आज से ही क्षेत्र मास की नवरात्रि आरंभ होगी और शुभ मुहूर्त में शक्तिपीठ हरसिद्धि सहित अन्य देवी मंदिरों में घट स्थापना की जाएगी। चैत्र नवरात्रि के 9 दिन हजारों की तादाद में लोग देवी मंदिरों के दर्शन करने पहुंचेंगे।


चक्रवर्ती सम्राट विक्रमादित्य की नगरी उज्जैन में आज चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर विक्रम संवत 2080 का स्वागत सूर्य को अर्घ्य प्रदान कर किया जाएगा। आज सुबह शिप्रा तट पर शंख, ढोल-नगाड़े व शहनाई की मंगल ध्वनि के साथ नगरवासी सूर्योदय की प्रथम किरण को अघ्र्य प्रदान करेंगे। संवत्सर सूक्त का पाठ किया जाएगा। घरों में गुड़ी व धर्म ध्वज का आरोहण होगा। आज सुबह मंगल वाद्यों की मधुर ध्वनि के साथ सूर्य को अर्घ्य प्रदान कर हिंदू नववर्ष का स्वागत किया जाएगा। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा सृष्टि के आरंभ का दिन है। आज से हिंदू नववर्ष का आरंभ होगा।


आज घट स्थापना के साथ शुरू होगी शक्ति आराधना


आज 9 अप्रैल से चैत्र नवरात्रि शुरू होगी। मां दुर्गा का आगमन इस बार घोड़े पर होगा और हाथी पर सवार होकर प्रस्थान होगा। नवरात्र का प्रारंभ आज मंगलवार से होने के कारण मां दुर्गा घोड़े पर सवार होकर आएंगी। पंचाग गणना के अनुसार घट स्थापना का मुहूर्त आज प्रात: 6.24 बजे से लेकर 10.28 बजे तक रहेगा। आज अभिजीत मुहूर्त में अमृतसिद्धि और सर्वार्थ सिद्धि योग का योग का बन रहा है। अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12.03 बजे से शुरू होगा,जो कि 12.54 बजे तक रहेगा। अमृतसिद्धि और सर्वार्थ सिद्धि योग आज प्रात: 07.32 बजे से लेकर पूरे दिन रहेगा।


आज से 9 दिन होगी विशेष साधना


आज से चैत्र नवरात्रि आरंभ हो जाएगी और इसके लिए हरसिद्धि, गढ़ कालिका, नगरकोट माता, भूखी माता, संतोषी माता मंदिर, चामुंडा माता मंदिर शहीद नगर के सभी प्रमुख देवी मंदिरों में पिछले कई दिनों से नवरात्रि पर्व की तैयारी की जा रही थी। सभी मंदिरों को विशेष रोशनी से सजाया गया है और रंग रोगन भी किया गया है। प्रमुख मंदिरों में रोजाना हजारों की भीड़ मारेगी इसे देखते हुए, वहां सुरक्षा व्यवस्था की इंतजाम किए गए हैं। मान्यता है कि चैत्र नवरात्रि में देवी शक्ति की आराधना करने से साधकों को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।


आज शाम 5 लाख दीपों से रोशन होंगे शिप्रा के घाट


विक्रम उत्सव नव संवत्सर के अवसर पर आज शाम नगर निगम द्वारा नरसिंह घाट से लेकर रामघाट तक 5 लाख दीपक रोशन किए जाएंगे। यह आयोजन शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम के तहत किया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी है और घाटों पर एक सप्ताह पहले से ही ब्लॉक बना दिए गए थे। एक ब्लॉक में 225 दीपक रखे जाएंगे और इन्हें एक साथ आज रात 8:00 बजे और रोशन किया जाएगा। इस कार्य को पूरा करने के लिए निगम कर्मचारियों के अलावा कई स्वयंसेवी संस्थाओं के वालंटियर लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा दत्त अखाड़ा सदा रामघाट के बीच शिप्रा नदी में तैरता हुआ मंच बनाया गया है। इस मंच पर आज शाम मशहूर गायक जुबिन नौटियाल अपने सुमधुर गीतों के प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम को देखने के लिए आज शाम शिप्रा तट पर लाखों लोगों की भीड़ उमड़ेगी।

bottom of page