
12 Aug 2023
पेट्रोल डीजल तथा एलपीजी गैस सिलेंडर के लगातार महंगे होने से लोगों की रुचि बढ़ी
उज्जैन। बढ़ते शहर में पीएनजी की पाईप लाईन का उपयोग बढऩे लगा है। लगभग ढाई साल में इसके 26 हजार कनेक्शन हो गए हैं। इसके अलावा पिछले डेढ़ साल में पीएनजी से चलने वाले बड़े वाहन भी शहर में बढ़ गए हैं और उनकी संख्या 900 तक पहुँच गई है।
पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से परेशान जनता के लिए अब पेट्रोल से चलने वाले चौपहिया वाहन, सीएनजी से चलाने पर किफायती साबित होने लगा है। वहीं रसोई गैस के विकल्प के रूप में पीएनजी एलपीजी से किफायती साबित हो रहा है। अवंतिका गैस लिमिटेड उज्जैन के मार्केटिंग मैनेजर सुमित सिंह ने बताया कि पूरे उज्जैन शहर में अभी रसोई गैस पीएनजी के कनेक्शन लगभग 26,000 लग चुके हैं और लगभग 10,000 कनेक्शन प्रति वर्ष लगाने का लक्ष्य है पुराने उज्जैन शहर जहाँ बहुत सकरी सड़कें हैं। वहां पीएनजी पाइपलाइन नहीं लग पाई हैं।
इन कारणों से बढ़ रहा लोगों का रुझान...
उल्लेखनीय है कि एलपीजी सिलेंडर 14 किलो गैस क्षमता की कीमत 1062 हो गई है। जबकि रसोई गैस में 1 सिलेंडर एलपीजी के मुकाबले पीएनजी लगभग 200 सस्ता पड़ता है। रसोई गैस एलपीजी के सिलेंडर खत्म होने पर बुकिंग कराने पर एक या 2 दिन में मिल पाती है, वहीं अब सब्सिडी भी सरकार ने खत्म कर दी है एवं रसोई में उपयोग करते समय सिलेंडर फटने से दुर्घटना होना संभव है, वहीं पीएनजी का कनेक्शन मात्र 500 में किया जाता है एवं 6000 की रिफंडेबल डिपाजिट राशि किस्तों में ली जाती है, पीएनजी हवा से हल्की होने के चलते लीकेज होने पर वातावरण के ऊपरी हिस्से में एकत्रित होने के कारण दुर्घटना की संभावना नहीं के बराबर होती है एवं सेफ्टी रेगुलेटर लगा होने के कारण रिसाव की स्थिति में गैस की सप्लाई को रोक देता है एवं पीएनजी कनेक्शन लगाने के बाद गैस खत्म होने और सिलेंडर लेने के झंझट से ग्राहक को राहत मिलती है ग्राहकों की सुविधा के लिए पीएनजी खपत का बिल प्रति 2 माह में लिया जाता है।
पेट्रोल से सस्ती पड़ रही सीएनजी...
जहाँ पेट्रोल के 1 लीटर की कीमत लगभग 109 रुपए होती है और एक चोपहिया वाहन 1 लीटर में 18 से 20 किलोमीटर चलता है वही सीएनजी 68 में 28 से 29 किलोमीटर चलती है यानी सीएनजी, पेट्रोल से लगभल आधे दाम में मिलती है, वहीं वाहन का एवरेज भी बढ़ जाता है, और सीएनजी प्रदूषण विहीन होती है।
900 के लगभग वाहन चलने लगे सीएनजी से...
प्रबंधक श्री सिंह ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की महंगाई के बाद सीएनजी से चलने वालों में बड़े चार पहिया वाहनों में ऑटो और मैजिक वाहनों के अलावा कार से लेकर ट्रक तक लगभग 900 वाहन उज्जैन में बढ़ गए हैं। इनमें मारूति और हुंडई कंपनी के पीएनजी से चलने वाले वाहन अधिक हैं। करीब उपरोक्त 900 वाहनों में से 600 के लगभग वाहनों में निजी वाहन शामिल हैं। इसी को देखते हुए कंपनी द्वारा अभी शहर में दो स्थानों पर सीएनजी पंप स्थापित किए गए हैं।
इनमें से एक स्टेशन एमआर 5 रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर स्थापित कर दिया गया है और यहाँ वाहनों में पीएनजी गैस भरी जा रही है। इसी तरह का दूसरा स्टेशन ऋषिनगर पेट्रोल पंप पर तैयार हो चुका है। यहाँ भी लोगों को सीएनजी गैस वाहनों के लिए उपलब्ध हो रही है।