
4 Aug 2023
आत्महत्या के पीछे सामने आई प्रेम प्रसंग की वजह
उज्जैन। बुधवार रात नरसिंह घाट ब्रिज से शिप्रा नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव शुक्रवार सुबह सुनहरी घाट से बरामद हो गया। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होना सामने आया है। बुधवार रात युवक की नाबालिक प्रेमिका ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया था।
नानाखेड़ा क्षेत्र के जवाहर नगर में रहने वाला यश पिता श्याम सिसोदिया 23 वर्ष ने बुधवार रात नरसिंह घाट ब्रिज पर अपनी बाइक खड़ी करने के बाद नदी में छलांग लगा दी थी। घटनाक्रम के बाद उसकी तलाश शुरू की गई थी वहीं गुरुवार दिन भर होमगार्ड की टीम सर्चिंग अभियान करती रही। यश का कुछ पता नहीं चल पाया था। शुक्रवार सुबह यश की लाश जीवाजी गंज थाना क्षेत्र के सुनहरी घाट से बरामद की गई। शिप्रा का जल स्तर बड़ा होने पर उसका शव बहता हुआ महाकाल थाना क्षेत्र से जीवाजी गंज थाने की सीमा तक पहुंच गया था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा है। गौरतलब हो कि यश दवा बाजार में काम करता था और बुधवार को घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी नीलगंगा थाने पहुंचकर दर्ज कराई थी देर रात सामने आया था कि उसने ब्रिज से शिप्रा में छलांग लगाई है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होना सामने आया था। बुधवार रात उसका वेद नगर में रहने वाली नाबालिग प्रेमिका से विवाद हुआ था जिसके पास प्रेमिका ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया था और यश ने शिप्रा नदी पहुंचकर छलांग लगाई थी। प्रेमिका की हालत में सुधार होने पर उसे जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। यश के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मामला आत्महत्या का नहीं है उसकी हत्या षड्यंत्र के तहत की गई है। यश की प्रेमिका ने उसके दोस्त सौरभ सूर्यवंशी को सूचना देकर बताया था कि यश नदी की और गया है। परिजनों का कहना था कि युवती और सौरभ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जाएगी।