

आगामी रविवार को महाशिवरात्रि पर्व संपूर्ण शहर में धूमधाम से मनाया जाएगा। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में बाबा के दर्शन हेतु लाखों की तादाद में श्रद्धालु पधारेंगे। इस हेतु नगर निगम द्वारा मंदिर क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई है। उक्त व्यवस्थाओं का निरीक्षण शनिवार को महापौर मुकेश टटवाल द्वारा एमआईसी सदस्यों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
महाशिवरात्रि पर्व व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा संपूर्ण मंदिर परिक्षेत्र एवं जहां से श्रद्धालु कतार में लगेंगे वहां पर नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम), विशेष सफाई व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही, पानी के टैंकर की व्यवस्था, चलित शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साथ ही नियंत्रण कक्ष पर अधिकारी एवं कर्मचारियों की शिफ्ट अनुसार ड्यूटी लगाई गई है जो श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु उपलब्ध रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा, सत्यनारायण चौहान, कैलाश प्रजापत, उपायुक्त संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त प्रवीण मुकाती, स्वास्थ्य अधिकारी कालूराम सोलंकी, प्रकाश विभाग के अधिकारी जितेंद्र पाल सिंह जादौन, सहायक यंत्री दीपक शर्मा उपस्थित रहे।