
उज्जैन। प्रदेश के छोटे छोटे जिलों को जहां एक ओर मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल रही है। वहीं उज्जैन इसमें पिछड़ता नजर आ रहा है। हाल ही में छह शहरों में मेडिकल कॉलेज खोलने की सैद्धांतिक अनुमति अवर सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा प्रदान की गई है। इनमें उज्जैन शहर का कहीं से कहीं तक नाम नहीं है। उज्जैन का मेडिकल कॉलेज उत्तर- दक्षिण में खोलने की राजनीति में उलझ कर रह गया है।
उल्लेखनीय है कि लंबे समय से उज्जैन में सरकारी मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग उठती रही है। देखते हुए सांसद अनिल फिरोजिया द्वारा उज्जैन में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की गई थी। मुख्यमंत्री से बकायदा इसका वादा भी करवा लिया गया था। चरक अस्पताल के सामने सामाजिक न्याय परिसर में स्थल का चयन भी कर लिया गया था। लेकिन महीनों बीतने को हैं यह मामला अभी तक पेंडिंग ही पड़ा हुआ है। जबकि छोटे छोटे जिलो को शासन की ओर से मेडिकल कॉलेज की सौगात दी जा रही है। प्रदेश शासन के स्वास्थ्य विभाग की ओर से उज्जैन का नाम तक फायनल नहीं किया गया है। जानकारी में आया है कि मेडिकल कॉलेज उज्जैन उत्तर में खोलें या दक्षिण में, इसको लेकर राजनीतिक खींचतान चल रही है। इसका ही नतीजा है कि अभी तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से छोटे छोटे शहरों को मेडिकल कॉलेज की सौगात दे दी गई है। लेकिन उज्जैन शहर का नाम अभी तक फायनल नहीं किया गया है।
———-
अस्पताल के नजदीक खोला जाता है कॉलेज
———-
प्रदेश शासन का क्राइट एरिया है कि मेडिकल कॉलेज शहर के बड़े अस्पताल के पास ही खोला जाता है। इसके पीछे का कारण यह सामने आ रहा है कि मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट प्रेक्टिकल वर्क के साथ साथ अस्पताल में क्लीनिकल वर्क भी कर सकें। उदाहरण के तौर पर इंदौर का अरबिंदो मेडिकल कॉलेज, भोपाल का मेडिकल कॉलेज, सागर का मेडिकल कॉलेज, रतलाम का मेडिकल कॉलेज आदि। इनको अस्पताल परिसर में ही बनाया गया है। ताकि सेकेंड ईयर के स्टूडेंट्स को पढ़ाई के साथ साथ प्रेक्टिकल का अनुभव प्राप्त हो सके।
————
इन 6 जिलों को मिली सैद्धांतिक स्वीकृति
————
फिलहाल उज्जैन में मेडिकल कॉलेज खोलने को लेकर सैद्धांतिक स्वीकृति नहीं मिल पायेगी। प्रदेश में आगामी दिनों में चुनाव होने वाले हैं। इसके पूर्व चुनाव आचार संहिता लग जायेगी। ऐसे में चुनाव के बाद ही उज्जैन में मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल सकती है। हाल ही में चिकित्सा शिक्षा विभाग की अवर सचिव ने छह जिलों खरगोन, धार, भिंड, बालाघाट, टीकमगढ़ तथा सीधी जिलों में 100 एमबीबीएस सीट प्रवेश क्षमता के मेडिकल कॉलेज खोले जाने को लेकर सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।