
उज्जैन। अमानक स्तर की पॉलिथीन पर लगे प्रतिबंध के बाद नगर निगम की टीम ने मंगलवार को पटेल नगर में एक गोदाम पर दबिश देकर 3 टन के लगभग प्रतिबंधित पॉलिथीन का जखीरा पटेल बरामद किया गया है। कारोबार करने वाले युवक के खिलाफ 3 माह पहले भी जुर्माने की कार्रवाई की गई थी।

पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले अमानक स्तर के प्लास्टिक पर केंद्र और राज्य सरकार काफी समय पहले प्रतिबंध लगा चुकी है। बावजूद इसके शहर में बड़े स्तर पर सिंगल यूज़ प्लास्टिक से बनी पॉलिथीन और सामग्री का कारोबार छुपकर किया जा रहा है। नगर निगम की टीम द्वारा लगातार अमानक स्तर के प्लास्टिक को बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में निगम के डिप्टी कमिश्नर संजेश गुप्ता ने अपनी टीम के साथ पटेल नगर स्थित महादेव मंदिर के समीप एक तहखाने नुमा बने गोदाम पर दोपहर में दबिश मारी। गोदाम का संचालन प्रकाश भिमानी द्वारा काफी समय से किराए पर लेकर किया जा रहा था। गोदाम से करीब 3 टन अमानक पॉलिथीन बरामद होना सामने आई है। निगम के डिप्टी कमिश्नर गुप्ता के अनुसार प्रकाश भिमानी के खिलाफ 3 माह पहले भी मक्सी रोड पर अमानक स्तर की पॉलिथीन बेचने के मामले में कार्रवाई करते हुए 5 हजार का जुर्माना किया गया था। बावजूद एक के संबंध में लगातार कारोबार करने की जानकारी मिल रही थी। सोमवार रात से ही एक के गोदाम की जानकारी जुटाना शुरू किया गया था पुख्ता सबूत मिलने पर दबिश दी गई।