
उज्जैन। श्रावण शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि, सोमवार के दिन चित्रा नक्षत्र शुभ योग, कन्या राशि के चंद्रमा की साक्षी में 21 अगस्त सोमवार को नाग पंचमी आ रही है। इसी दिन महाकालेश्वर की पांचवी सवारी भी निकाली जाएगी।
ज्योतिषाचार्य पंडित अमर डब्बावाला ने बताया कि साल भर में आने वाली यह पंचमी नाग पंचमी के नाम से जानी जाती है। इस दिन कुल परंपरा के अनुसार तथा लोक परंपरा के अनुसार नाग देवता की पूजन की मान्यता है इस दिन नाग देवता के पूजन करने से अरिष्ट और अनिष्ट की निवृत्ति होती है ऐसा शास्त्र कहते हैं। उज्जैनी में नाग मंदिरों की पौराणिक मान्यता है।
बुधादित्य योग और सवारी का संयोग...
ग्रह गोचर की गणना के अनुसार देखे तो 21 अगस्त सोमवार के दिन सूर्य व बुध सिंह राशि में उपस्थित रहेंगे। सिंह राशि के अधिपति स्वयं सूर्य हैं और वह बुध के मित्र है सूर्य व बुध की युति जब साथ में रहती है तो बुधादित्य योग का निर्माण करती है बुधादित्य योग में आने वाला पर्व अथवा त्यौहार विशेष इसलिए भी हो जाता है कि कर्म की साक्षी के प्रधान देवता व प्रकट देवता भगवान सूर्यनारायण है इनकी साक्षी में कोई भी पर्व विशेष फल प्रदाता माना गया है साथ ही बुध कार्य की सिद्धि व सफलता को देने वाला है संयोग से नाग की पूजन के लिए बुध का अनुकूल होना नाग पूजन के लिए श्रेष्ठ माना जाता है और बुध आदित्य योग कार्य की सफलता के लिए अनुकूल बताया गया है।
युति का अगले 8 महीने रहेगा प्रभाव...
21 अगस्त को चंद्र मंगल कन्या राशि पर अवस्थित रहेंगे चंद्र मंगल की युति प्राकृतिक परिवर्तन के साथ साथ वैज्ञानिक परिवर्तन तथा चिकित्सा के क्षेत्र में व अंतरिक्ष क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धि देगी। जिसका प्रभाव अगले 8 महीने में दिखाई देगा।
पुराणों में मिलता है उल्लेख...
स्कंद पुराण के अवंति खंड में नाग देवता के स्थान की भी मान्यता बताई गई है उज्जैन के राम घाट क्षेत्र में नरसिंह घाट के मध्य में नाग देवता के स्थान का उल्लेख पौराणिक दृष्टिकोण से बताया गया है चूंकि नाग पंचमी पर नाग पूजन की मान्यता के चलते रामघाट तीर्थ पर सिद्धवट घाट पर प्रेतशिला तीर्थ के पास में भी मान्यता के चलते पूजन करने की परंपरा है इस दिन जिनको जन्मकुंडली में कालसर्प दोष उपस्थित है उन्हें उज्जैनी आकर शांति विधि करनी चाहिए। चूंकि उज्जयिनी नगर उत्तर बिंदु को प्रतिनिधित्व करता है और नाग देवता इस बिंदु के सह कारक देवता माने गए हैं इस दृष्टि से उज्जैन क्षेत्र में विशेषकर सिद्धवट व राम घाट पर इनकी पूजन की विशेष मान्यता है इन स्थानों पर पूजन करने का अनुक्रम पूर्व से भी चला आ रहा है।
वर्ष में एक बार खुलते है पट, 11 वीं सदी की प्रतिमा...
हिंदू धर्म में नाग की पूजा करने की परंपरा सदियों से रही है। इस धर्म में आस्था रखने वाले लोग सांपों को भगवान का आभूषण मानते हैं। हमारे देश में नागों के कई मशहूर मंदिर भी हैं। इन्हीं मंदिरों में से एक उज्जैन में स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर है। उज्जैन के महाकाल मंदिर के शिखर की तीसरी मंजिल पर ही नागचंद्रेश्वर मंदिर स्थित है। इस मंदिर की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसे सिर्फ नागपंचमी के दिन दर्शन के लिए खोला जाता है। यहां की प्रतिमा भी विलक्षण है। शिव परिवार शेषनाग पर विराजमान है।