
उज्जैन(शुभम ताम्रकार)| श्रावण माह में उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड आगमन हो रहा है| दर्शन के बाद देशभर से आये श्रद्धालु मंदिर के अंदर और बाहर लगे मंदिर समिति के प्रसाद काउंटर से बाबा महाकाल के लड्डू प्रसाद क्रय करते हैं| मंदिर प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने मीडिया को जानकारी दी कि नाग पंचमी के दर्शनार्थियों को पर्याप्त मात्रा में सरलता से लड्डू प्रसाद उपलब्ध हुए|
संदीप सोनी के मुताबिक कल 03 लाख 50 से अधिक दर्शनार्थियों ने नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन किये| नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए 20 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 21 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक 24 घंटे के लिए खुले रहे| इसी दौरान महाकालेश्वर मंदिर में भस्मार्ती से लेकर पट बंद होने तक 05 लाख से अधिक श्रद्धालुओ ने दर्शन किये।
श्रद्धालुओं को लड्डू प्रसाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भील समाज धर्मशाला एवं नृसिंह घाट तिराहे 24 घंटे सेवा देने वाले लड्डू प्रसाद काउण्टर बनाए गए| इस दौरान मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित लड्डू प्रसाद काउंटरों से 111 कुंटल से अधिक लड्डू प्रसाद का विक्रय हुआ, जिससे प्रबंध समिति को 51 लाख रूपये से अधिक की आय हुई|
नागपंचमी पर्व पर नागचंद्रेश्वर मंदिर विशेष दर्शन शुल्क 300 रूपये रखा गया वहीँ महाकालेश्वर शीघ्र दर्शन शुल्क 250 रूपये प्रति व्यक्ति लिया गया| मंदिर प्रबंध समिति को विशेष/ शीघ्र दर्शन व्यवस्था शुल्क लेने से जो आय हुई उसके आकड़े प्राप्त होना बाकी है| महाकाल मंदिर से वर्षों से जुड़े हमारे विश्वसनीय सूत्रों ने हमें ये जानकारी दी कि नागपंचमी पर्व पर नागचंद्रेश्वर मंदिर से प्रबंध समिति को जो आय होती है उसका लगभग 75% इस इससे मिलता जुलता हिस्सा पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े को दिया जाता है| यह व्यवस्था काफ़ी लंबे समय से लागू है|
पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के साधू ही भगवान महाकाल को भस्म आर्पित करते हैं| मंदिर समिति की और से महानिर्वाणी अखाड़े के साधुओं को मंदिर परिसर में ही रहने के लिए स्थान भी दिया गया है| पहले यह स्थान मंदिर के निर्गम द्वार के बिलकुल समीप हुआ करता था, किन्तु मंदिर के स्वरूप में परिवर्तन के कारण पिछले कुछ वर्षों में यह स्थान बदल दिया गया है| नागचंद्रेश्वर मंदिर से होने वाली आय में से पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े को राशि मिलने की परंपरा पुरानी है| इससे अखाड़े को अपने वार्षिक बंदोबस्त में मदद मिलती है|
हालाँकि पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के साधू ही महाकालेश्वर मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित ओम्कारेश्वर मंदिर की भी देख रेख करते हैं| इस मंदिर के सभी पूजन अर्चन की सम्पूर्ण जिम्मेदारी पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के पास है| अभी के समय में पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनितगिरी हैं इससे पहले वर्षों से ये व्यवस्था महंत प्रकाशपुरी की सँभालते थे| गणेश पुरी जी अखाड़े के एक मात्र ऐसे साधू हैं जो महंत प्रकाशपुरी और महंत विनितगिरी दोनों के समय से मंदिर की जिम्मेदारी सँभालने में मदद करते हैं| पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े में भगवान पुरी जी का नाम भी काफ़ी पुराना है|
आम दिनों में गणेश पुरी जी ही भस्म आरती की सम्पूर्ण जिम्मेदारी सँभालते हैं पिछले कुछ माह से उनका स्वास्थ ठीक नहीं होने के कारण वे मंदिर में कम ही दिखते थे| नागपंचमी पर्व पर स्वास्थ लाभ मिलने पर गणेश पुरी जी ने पुनः अपनी जिम्मेदारी संभाली| वे पूजन के दौरान अखाड़े के महंत विनितगिरी के साथ देखे गए|