top of page

Ujjain News: 92 करोड़ में बनेगा नया समानांतर रेलवे ओवर ब्रिज

उज्जैन।प्रदेश सरकार ने 17 रेलवे ओवरब्रिज मंजूर कर दिए हैं। इसमें फ्रीगंज ओवर ब्रिज के समानांतर नया ओवरब्रिज बनाने की मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए करीब 92 करोड़ रुपए स्वीकृत गए हैं। लोक निर्माण विभाग की सेतु निगम इकाई इसके निर्माण के लिए जल्द टेंडर जारी करेगी।


राज्य शासन की स्वीकृति के बाद अब धार्मिक नगरी उज्जैन में सिंहस्थ 2028 से पहले वर्षों पुराने फ्रीगंज ओवर ब्रिज के समानांतर नया ब्रिज बनाया जा सकेगा। फ्रीगंज में पिछले सिंहस्थ से नया समानांतर ब्रिज बनाने के लिए सरकार कोशिश कर रही है। पिछले 1 साल से प्रोजेक्ट की फाइल मंजूरी के लिए भोपाल में अटकी हुई थी।लोक निर्माण विभाग की वित्तीय व्यय समिति ने ब्रिज निर्माण को हरी झंडी दे दी है।

इसका विधिवत आदेश भी विभाग को मिल गया है। लोक निर्माण विभाग के सचिव आरके मेहरा ने प्रदेश के राज्यपाल के आदेशानुसार पत्र जारी कर दिया है। इसमें उज्जैन सहित प्रदेश के लिए 17 ब्रिज मंजूर किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग उज्जैन संभाग के अंतर्गत शाजापुर, नीमच और रतलाम में भी एक एक ब्रिज मंजूर किए गए हैं।

——————

अंग्रेजों के जमाने में बना था फ्रीगंज ओवर ब्रिज

——————

पुराने और नए शहर को जोडऩे वाला फ्रीगंज ब्रिज करीब 80 वर्ष पुराना है। इसका निर्माण आजादी से पहले वर्ष 1945 में किया गया था। आर्च स्टाइल में बना यह ब्रिज 14 मीटर चौड़ा और 800 मीटर लंबा है। एक तरफ 1.50 मीटर का फुटपाथ है। ब्रिज को 1992 में एक ओर से चौड़ा भी किया गया था। सिंहस्थ 2016 में 24 लाख रुपए खर्च कर इसका संधारण भी किया गया था।




एक नजर नए ब्रिज की लागत और प्रारूप पर


* फ्रीगंज में ब्रिज निर्माण के लिए 91 करोड़ 76 लाख और 92 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति।


* यह इंदिरा गांधी चौराहे से चामुंडामाता चौराहे तक बनेगा।


* महापौर बंगले के सामने से होकर बनाया जाएगा।


* अब इसे बनाने के लिए विभाग टेंडर जारी करने की प्रक्रिया करेगा।


* सचिव के आदेश में कहा गया है कि सक्षम अधिकारी द्वारा जारी तकनीकी स्वीकृति के अनुसार टेंडर बुलाए जाएं।

—————

शुक्रवार रात जारी हो गए आदेश

—————

अधिकारियों के मुताबिक लोक निर्माण विभाग वित्तीय व्यय समिति की 101वीं बैठक 29 मई 2023 को प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त विभाग मप्र शासन की अध्यक्षता में हुई थी। इसमें 17 प्रस्तावों के साथ उज्जैन के फ्रीगंज में नया समानांतर ब्रिज भी मंजूर हो गया था। शुक्रवार रात यह आदेश जारी हो गया।

——————

इनका कहना है

——————

फ्रीगंज ओवर ब्रिज के समानांतर नए रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए 9176.92 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति का पत्र मिल गया है। विभाग के निर्देशानुसार आगे की प्रक्रिया की जाएगी और जल्द टेंडर बुलाए जाएंगे।


– एस के अग्रवाल, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग, उज्जैन

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page