top of page

भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर उज्जैन पहुंचेंगे राहुल गांधी

4 Mar 2024

पहले महाकाल दर्शन करेंगे, फिर रोड शो के बाद आमसभा होगी

उज्जैन। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर आज दोपहर में उज्जैन पहुंचेंगे। यात्रा मक्सी रोड से शहर में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी सबसे पहले महाकाल मंदिर जाकर भगवान का पूजन अर्चन करेंगे फिर रोड शो के बाद आमसभा को संबोधित करेंगे।


आज मंगलवार को राहुल गांधी मक्सी रोड से दोपहर में उज्जैन आएंगे। यहां आने के बाद में सबसे पहले भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने जाएंगे। दर्शन के उपरांत राहुल गांधी युवा अधिकार रैली के रूप में महाकाल चौराहा से गुदरी, पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, सराफा, सतीगेट, कंठाल, नई सड़क, दौलतगंज, मालीपुरा होते हुए देवासगेट चौराहा तक रोड शो करेंगे। वे वाहन में सवार रहकर जनता का अभिवादन स्वीकारते हुए आगे बढ़ेंगे। रोड शो के समापन पर देवासगेट चौराहे पर राहुल गांधी सभा को संबोधित करेंगे। सभा के बाद यात्रा के साथ राहुल गांधी बडऩगर मार्ग की तरफ आगे बढ़ेंगे। यात्रा का रात्रि विश्राम इंगोरिया में रहेगा। इस यात्रा को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और शहर में भी होर्डिंग-बैनर लगा दिए गए है। होर्डिंग में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के सिर पर त्रिपुंड लगा हुआ है। कांग्रेस नेताओं के होर्डिंग में नजर आ रहे इस नए रूप के शहर में चर्चा है।


युवाओं और महिलाओं से बात करेंगे राहुल


प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के अंतर्गत प्रदेश में होने वाले कार्यक्रमों में राहुल गांधी आज उज्जैन में युवा अधिकार रैली निकालेंगे। बडऩगर में महिला संवाद होगा। इसमें राहुल गांधी महिलाओं के हित में काम करने वाले विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाओं के साथ चर्चा करेंगे। वहीं, उज्जैन में युवा अधिकार रैली होगी। इसमें वे अग्निवीर योजना के उम्मीदवारों, पूर्व सैनिकों, किसानों, पटवारी परीक्षार्थियों, एमपीपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं, महिलाओं से संवाद करेंगे।


हर स्थान के लिए एक प्रभारी


कांग्रेस ने राहुल गांधी की यात्रा के पूरे रूट पर हर स्थान के लिए एक नेता को जिम्मेदारी दी गई है। स्वागत, रोड शो, नुक्कड़ सभा, दोपहर भोजन, रात्रि विश्राम ,संवाद और जनसभा के लिए सीनियर लीडर इंचार्ज बनाए गए हैं।

bottom of page