top of page

Ujjain News: सबसे पहले बाबा महाकाल को बंधेगी राखी, चढ़ेगा सवा लाख लड्डुओं का भोग

उज्जैन। रक्षाबंधन पर्व पर आज दिनभर भद्रा नक्षत्र का साया रहेगा। रात 9:00 बजे बाद ही राखी बांधने के मुहूर्त शुरू होंगे। लेकिन इसके पहले आज सबसे पहले भस्म आरती के उपरांत भगवान महाकालेश्वर को पहले राखी बंधेगी। इसके बाद पुजारी परिवार द्वारा भगवान महाकालेश्वर को सवा लाख लड्डुओं का महा भोग लगाया जाएगा।


उल्लेखनीय है कि धार्मिक नगरी उज्जैन में हर तीज त्योहार की शुरुआत भगवान महाकालेश्वर के आंगन से होती है। सर्वप्रथम भक्तजन बाबा महाकाल के साथ धूमधाम से त्यौहार मनाते हैं, उसके पश्चात हर त्यौहार पूरे देश में मनाया जाता है। महाकालेश्वर के दरबार में रक्षाबंधन त्योहार की तैयारियां पिछले चार दिनों से की जा रही थी। रक्षाबंधन पर महाकालेश्वर को अर्पित किए जाने वाले सवा लाख लड्डुओं के बनने का काम शुरू हो गया था।वहीं दूसरी ओर महाकाल के हाथों में बंधने वाली राखी भी तैयार की जा रही थी ।जिसे पंडे और पुरोहित परिवार की महिलाएं आज श्रावण शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर भस्मआरती के पहले ब्रह्म मुहूर्त में राजाधिराज महाकाल को राखी बांधकर विश्व की रक्षा की कामना करेंगी।


महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित आशीष गुरु ने बताया कि जो पुजारी सावन के दिनों में बाबा की भस्म आरती करते हैं, उन्हीं के परिवार की महिलाएं व बहनें राखी बांधने बाबा के कक्ष में जाती हैं।यह महिलाएं बाबा का मंगल गान कर उन्हें राखी बांधती है। बाबा को भाई मानकर, जो महिलाएं पूरे सावन व्रत करती है, वह बाबा के प्रसाद से ही यह व्रत खोलती हैं. मंदिर के पुजारी के घर की महिलाएं सबसे पहले राखी बांधकर व्रत खोलती है। यह परंपरा कई सालों से चली आ रही है।


देर रात पहुंच जाते हैं मंदिर...


महाकाल को राखी बांधने के लिए पुजारी परिवार की महिलाएं देर रात ही मंदिर पहुंच जाती हैं,वे राखी बांधने तक मंत्रोच्चार करती हैं।राखी बांधने के बाद महाकाल से मिले प्रसाद से ये महिलाएं व्रत खोलती हैं।इसके बाद परिवार के भाइयों को राखी बांधी जाती है।भगवान महाकाल को जो राखी चढ़ाई जाती है, उस राखी का विशेष ध्यान रखा जाता है। यह राखी जन्माष्टमी तक दर्शनार्थ रखी जाती है। कई श्रद्धालु इसका दर्शन करने आते हैं।अन्य मंदिरों में इसे प्रदर्शित किया जाता है।


सवा लाख लड्डुओं का लगेगा महाभोग....


श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज 30 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर बाबा महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगेगा।वहीं, सुबह होने वाली भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल को सबसे पहले राखी बंधेगी। भस्म आरती के बाद से ही श्रद्धालुओं को महाभोग दर्शन और प्रसाद का वितरण शुरू हो जाएगा। श्रावण पूर्णिमा रक्षाबंधन पर विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पुजारी परिवार द्वारा बाबा महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगाया जाता है. यह परंपरा सालों से चली आ रही है।इसी क्रम में इस बार भी भस्म आरती करने वाले पुजारी परिवार द्वारा राजाधिराज महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का भोग अर्पण किया जाएगा।.आशीष गुरु ने बताया कि परंपरा से महाकालेश्वर को श्रावण पूर्णिमा पर सबसे पहले राखी बांधी जाती है। भस्मारती के दौरान भगवान को राखी बांधने के पश्चात लड्डूओं का महाभोग लगेगा।लड्डू प्रसादी तैयार करने में पुजारी परिवार के साथ ही कई भक्तों द्वारा भी सामग्री दी जाती है, जिसे प्रसाद में शामिल किया जाता है।भस्म आरती के पश्चात सुबह दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जायेगा।


आज रात 9:07 बजे तक रहेगा भद्रा का साया...


ज्योतिष आचार्य पंडित अमर डब्बावाला ने बताया कि रक्षाबंधन पर आज प्रातः 10:00 बजे से भद्रा नक्षत्र आरंभ हो जाएगा और इसका समापन आज रात 9:07 बजे पर होगा। इस दौरान किसी भी तरह का शुभ या मांगलिक कार्य वर्जित रहेगा। इसी के चलते भद्रा काल में राखी नहीं बांधी जा सकेगी। भादरा के समापन के पश्चात ही रक्षाबंधन पर्व मनेगा और राखी बांधी जा सकेगी।


बाजारों में उमड़ी भीड़, आज भी होगी खरीदारी..


रक्षाबंधन पर्व के कारण एक दिन पहले मंगलवार को बाजारों में खूब भीड़ उमर रही थी। विशेष कर महिलाओं द्वारा राखी तथा मिठाई और वस्त्र आदि की खरीदारी की जा रही थी। आज भी बाजारों में रौनक रहेगी और देर शाम तक खरीदारी होगी। रक्षाबंधन के चलते पिछले दो-तीन दिनों से बसों ट्रेनों में खूब भीड़ उमड़ रही है।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page