
उज्जैन। स्वास्थ्य सेवाओं के पर्यवेक्षण के लिए क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाए, डॉ. दीपक पिप्पल द्वारा 31 जनवरी को जिला चिकित्सालय चरक भवन का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला चिकित्सालय के मिडवाइफरी लेड केयर यूनिट का निरीक्षण में देखा गया कि युनिट का पूर्ण क्षमता के साथ उपयोग नहीं किया जा रहा है। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाए डॉ. पिप्पल ने शतप्रतिशत शिशुओं एवं प्रसूता महिलाओं को निर्धारित प्रोटोकॉल अनुसार स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध करवाने व आर.ओ. सिस्टम स्थापित किये जाने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत् चरक भवन में आयोजित होने वाले शिविरों सुरक्षित मातृत्व सेवाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान किए जाने के निर्देश दिये। आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं को शिविर मे लाकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। चरक भवन में स्थापित वीसी रूम का अवलोकन कर विस्तार से जानकारी ली एवं वीडियो कांफ्रेंस में रिकॉर्ड संधारण के लिए नोडल अधिकारी के साथ जिम्मेदारी तय की जाने सहित इसके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नही बरतने और चरक भवन में टंकी के पास स्थान चयन कर पोस्टमार्टम विभाग के लिए निर्माण तत्काल कराने के निर्देश दिए।
अस्पताल में स्थापित सीटी स्कैन / प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का निरीक्षण नागरिकों को सेवायें उपलब्ध कराई जाये। आयुष्मान भारत निरामय योजना के पात्र समस्त हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड शतप्रतिशत बनाये जाने के निर्देश दिये। अस्पताल में आने वाली हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं को पूर्ण प्रबंधन कर सुरक्षित संस्थागत प्रसव सम्पादित करवाने के साथ ही गर्भवती एवं शिशु का प्रोटोकॉल के अनुसार शत प्रतिशत नियमित टीकाकरण कर युविन पोर्टल पर इसकी प्रविष्टी कर शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव का लाभ प्रदान करवाने के लिए निर्देश दिये। अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं एवं मरीजों को निर्धारित डाईट चार्ट अनुसार पोष्टिक आहार प्रदान करने के भी निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, डॉ. संगीता पलसानिया, आरएमओ डॉ. चिन्मय चिचोलीकर, अस्पताल प्रबंधक श्रीमती हिमांगी चौहान, उप जिला विस्तार एवं माध्यम अधिकारी चरण सिंह मंडलोई भी उपस्थित थे।