
उज्जैन। सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभागृह में मंगलवार को सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सिंहस्थ 2028 के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे अधोसंरचना विकास के कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में सिंह ने सिंहस्थ निर्माण कार्यो को करने वाली सभी एजेंसियों को कार्य की गति बढ़ाने और समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मेला अधिकारी आशीष सिंह ने विभागवार निर्माणरत कार्यों की समीक्षा की। जानकारी दी गई कि कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना के अंतर्गत कार्य छह फेस में प्रगतिरत हैं। पाईप लाइन बिछाने का कार्य प्रगतिरत है। कार्य के दौरान कहीं कोई परेशानी नहीं है। इसी तरह सिहंस्थ के लिए तैयार किए जा रहे नवीन घाट निर्माण की प्रगति की जानकारी लेने पर बताया गया कि वर्तमान में तेज गति से घाट निर्माण का कार्य प्रगति पर है।
बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि घाट निर्माण के दौरान जहां रिटेनिंग वॉल बनाई जाना है, वहां निर्धारित मापदंड अनुसार वॉल तैयार की जाए। बैठक में बताया गया कि शनि मंदिर पर आदर्श घाट निर्माण के दौरान घाट पर रैलिंग कार्य के साथ करीब 20 मीटर में पत्थर लगाने का कार्य प्रस्तावित है।
मेला अधिकारी सिंह ने बैठक में निर्देश दिए की आदर्श घाट निर्माण समय सीमा में पूर्ण किया जाए। बैठक के दौरान एमपीईबी के माध्यम से होने वाले कार्यों को लेकर बताया गया कि वाल्मीकिधाम में 32 केवी लाईन का कार्य प्रारंभ हो गया है। नानाखेड़ा और चारधाम के समीप कार्य प्रारंभ किया गया है। चिंतामन सब स्टेशन का कार्य प्रारंभ हो गया है।
बैठक में पर्यटन विभाग के द्वारा वीर दुर्गादास की छत्री पर चल रहे रेनोवेशन कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने नगर सौंदर्यीकरण कार्य की जानकारी लेकर निर्देश दिए कि एक विस्तृत प्लान तैयार कर कार्य किया जाए। शहर के प्रमुख चौराहों को चिन्हित कर सौंदर्यीकरण के कार्य की रूपरेखा बनाई जाए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्रेयांस कूमट, संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।