top of page

Ujjain News: अप्रैल 2026 से उज्जैन में संचालित होगा प्रदेश का तीसरा रेडिसन होटल

उज्जैन| दुनिया के प्रमुख होटल समूहों में से एक रेडिसन अगले कुछ वर्षों में भारत के विभिन्न हिस्सों में 11 नए होटल स्थापित करने जा रहा है| इसके लिए समूह ने अलग-अलग अनुबंधों पर हस्ताक्षर किये हैं| इसी कड़ी में तीर्थ नगरी उज्जैन का नाम भी शामिल है| विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर से मात्र डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर इन्दौर रोड पर यह निर्माण शुरू हो गया है|


यह जानकारी रेडिसन होटल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है| रेडिसन समूह ने भारत में अपनी महत्वाकांक्षी वृद्धि और विकास योजना को ध्यान में रखते हुए देश के प्रमुख शहरों और उभरते गंतव्यों में अपनी पहचान बनाने का लक्ष्य रखा है| इसी क्रम में ग्रुप हैदराबाद, बेंगलुरु, उज्जैन, रायपुर, सोनमर्ग, मनाली, केरल और विशाखापत्तनम में अपने होटलों की श्रृंखला का विस्तार कर रहा है|



उज्जैन देश सबसे तेज़ी से उभरते हुए धार्मिक पर्यटन स्थलों में से एक है| जब से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उज्जैन में महाकाल लोक का लोकार्पण किया है उसके बाद से उज्जैन में पर्यटकों का सैलाब आ गया है| देश-विदेश के बड़े-बड़े समूह उज्जैन के विकास से जुड़े पहलुओं में रूचि दिखा रहे हैं| प्राप्त जानकारी के अनुसार देश के दो बड़े होटल समूह उज्जैन में 100 से अधिक कमरों की सुसज्जित होटल बनाने के लिए जगह तलाश रहे हैं|


देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से उज्जैन की दूरी मात्र 50 किलोमीटर है| सुपर कॉरिडोर के बनने से अब यात्रियों को एअरपोर्ट से उज्जैन पहुंचने में एक घंटे से अधिक का समय नहीं लगता| यही कारण है कि अधिकांश होटल समूह इन्दौर रोड पर ही जगह देख रहे हैं| इन्दौर-उज्जैन रोड को निकट भविष्य में 6 लेन करने की भी मध्य प्रदेश सरकार की योजना है| मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान उज्जैन के विकास में विशेष रूचि लेते हैं, उन्होंने कहा है कि वे उज्जैन के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे|



उज्जैन में इन्दौर रोड पर बारह मंजिला बिल्डिंग के सामने लगभग एक लाख स्क्वायर फीट से अधिक जमीन पर 150 कमरों की रेडिसन होटल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है| इस होटल में स्टैण्डर्ड और एक्जीक्यूटिव सुइट कमरे उपलब्ध होंगे, साथ ही पूरे दिन के भोजन, विशेष रेस्तरां, बॉलरूम बोर्डरूम, बैंक्वेट गार्डन, डेक के साथ स्विमिंग पूल, व्यायामशाला, स्पा, योग और ध्यान केंद्र आदि सुविधाएँ भी अतिथियों के लिए उपलब्ध होगी| रेडिसन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2026 की पहली तिमाही में होटल के शुरू होने की उम्मीद है।


रेडिसन ग्रुप अपने दस विशिष्ट ब्रांडों के साथ 95 से अधिक देशों में मौजूद हैं। रेडिसन मुख रूप से अपने साझेदारों के साथ मिलकर नए होटल विकसित करता है और उनके सुव्यवस्थित संचालन के लिए सुविधाएँ मुहैया करता है|

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page