
उज्जैन। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा खाचरोद के सब इंजीनियर को लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सब इंजीनियर ने बिल पास करने के लिए ठेकेदार से रिश्वत की डिमांड की थी।
लोकायुक्त निरीक्षक बसंत श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम नंदवासला के रहने वाले दिलीप सोनार्थी ने लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ठेकेदारी का काम करता है और खाचरोद तहसील में विधायक निधि से बनने वाली सड़क का सीमेंट कंक्रीट कार्य 2.36 लाख की लागत से किया था जिसकी पहली किस्त उसे मिल चुकी है। दूसरी किस्त के 1.20 लाखों रुपए का भुगतान होना शेष है। जिसके एवज में खाचरोद ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के सब इंजीनियर सोनू साहू 20 हजार की रिश्वत मांग रहा है उसने बिल पास करने से रोक दिया है। शिकायत पर रिश्वत मांगने की पुष्टि की गई और शुक्रवार दोपहर को रिश्वतखोर सब इंजीनियर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। रिश्वत की राशि लेकर ठेकेदार दिलीप को सब इंजीनियर के कार्यालय भेजा गया। जैसे ही उसने रिश्वत की राशि ली ठेकेदार का इशारा मिलते ही लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर ही कार्रवाई कर सब इंजीनियर सोनू साहू के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम का प्रकरण दर्ज किया गया है। निरीक्षक श्रीवास्तव ने बताया कि ठेकेदार दिलीप ने भगवान सिंह के घर से मंदिर तक सड़क का निर्माण किया था। जिसक दूसरी किस्त का बिल पास करने के लिए सब इंजीनियर रिश्वत की मांग कर रहा था। सब इंजीनियर का एक ऑडियो भी सामने आया है जिसमें जिसके द्वारा कहा गया था कि कई लोगों को पैसा बैठता हूं इसलिए इतने समय से यहां टिका हुआ हूं। ऑडियो की भी जांच की जा रही है फिलहाल मामले में प्रकरण दर्ज करने के बाद सब इंजीनियर को जमानत पर छोड़ा गया है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को लोकायुक्त की ओर से सब इंजीनियर को निलंबित करने के लिए पत्र जारी किया जाएगा।