top of page

Ujjain News : त्यौहारों से पहले उज्जैन में दो बड़े फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से हो रही निगरानी

उज्जैन। आगामी त्यौहारों को देखते हुए शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार सुबह पुलिस का दमदार फ्लैग मार्च निकाला गया। खास बात यह रही कि हल्की बारिश के बीच भी पुलिस जवान पूरी मुस्तैदी से कदमताल करते नजर आए। खाकी की यह सख्ती आमजन को भरोसा देने और उपद्रवियों को चेतावनी देने के लिए थी।


ree

उल्लेखनीय है कि रमजान पर्व शुरू हो गया है और आगामी दिनों में होली का बड़ा त्यौहार आने वाला है। इसके मद्देनजर शुक्रवार को सुबह 8.30 बजे शहर के टॉवर चौक पर पहला फ्लैग मार्च शुरू हुआ। इसमें माधवनगर, नीलगंगा, देवासगेट, नानाखेड़ा, नागझिरी और पुलिस लाइन का बल शामिल हुआ। सीएसपी दीपिका शिंदे की मौजूदगी में पुलिस दल टॉवर से आगे बढ़ा और इंदिरा गांधी प्रतिमा, तीन बत्ती चौराहा, लोति तिराहा, हनुमान नाका होते हुए हरिफाटक तक मार्च किया। इस दौरान संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में विशेष रूप से भ्रमण कर हालात का जायजा लिया गया।


ड्रोन और कैमरों से हर गतिविधि पर नजर


ree

फ्लैग मार्च को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा गया। पूरी कार्रवाई की ड्रोन और कैमरों के जरिए वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि हर गतिविधि रिकॉर्ड में रहे और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


शहर के पुराने क्षेत्र में दूसरा मार्च


ree

इसी क्रम में दूसरा फ्लैग मार्च थाना महाकाल, कोतवाली, जीवाजीगंज और खाराकुआं के पुलिस बल के साथ निकाला गया। इसकी शुरुआत तोपखाना से हुई। यहां से पुलिस दल उपकेश्वर चौराहा, कसाईवाड़ा, गुदरी चौराहा, पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, कमरी मार्ग चौराहा, केडी गेट, पीपलीनाका होते हुए जूना सोमवारिया तक पहुंचा। इस व्यवस्था के प्रभारी डीएसपी लाइन भारतसिंह यादव और सीएसपी जीवाजीगंज पुष्पा प्रजापति रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान गश्त बढ़ाई जाएगी और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी।


संदेश साफ, शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई


बारिश की बूंदों के बीच सड़कों पर उतरी खाकी ने साफ संकेत दे दिया कि त्योहारों में उल्लास बना रहे, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों के लिए कोई रियायत नहीं होगी। पुलिस का यह शक्ति प्रदर्शन आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और असामाजिक तत्वों में भय पैदा करने के उद्देश्य से किया गया। त्योहारों से पहले शहर में इस तरह पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आगामी त्योहारों के दौरान पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page