
उज्जैन(शुभम ताम्रकार)। महाकाल लोक मे सप्तऋषियों की नवीन प्रतिमाओं का आज अनावरण हुआ| सप्तऋषि की प्रतिमाएँ मुंबई से बनकर उज्जैन आईं हैं, पिछले कुछ दिनों से ये मूर्तियाँ महाकाल लोक में ही ढककर रखी हुई थीं| आज दोपहर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सपत्नी उज्जैन आये थे, उन्होंने गर्भगृह में जाकर भगवान महाकाल का पूजन-दर्शन किया|

आज श्रावण के अंतिम सोमवार पर भगवान महाकाल नगर भ्रमण पर निकले| आज ही के दिन सोम प्रदोष के शुभ अवसर पर नेता, संत और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्तिथि में सप्तऋषियों की नई प्रतिमाओं का अनावरण किया गया।

जैसा की आपको पता है कि 28 मई 2023 को उज्जैन में तेज आंधी और तूफ़ान के कारण महाकाल लोक में सप्तऋषि मूर्तिया गिरकर खंडित हो गई थी। माननीय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आदेशानुसार महाकाल लोक में सप्तऋषि की सभी मूर्तियों को दोबारा नए सिरे से बनवाया गया और इनकी पुनर्स्थापना की गई|
अनावरण के अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, विधायक और पूर्व मंत्री पारस जैन, महापौर मुकेश टटवाल आदि उपस्थित रहे|