
उज्जैन। पिछले करीब 2 माह से शहरवासी पेयजल संकट झेल रहे हैं। आगामी सोमवार से यह संकट नहीं रहेगा। क्योंकि पीएचई द्वारा इस दिन से नियमित जल प्रदाय शुरू कर दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि गंभीरी डैम में हर वर्ष जनवरी माह तक जलस्तर गिर जाता है। 2250 एमसीएफटी क्षमता का गंभीर डेम हर साल गर्मी आने से पहले ही सूख जाता है। इसके पीछे कारण यह है कि गंभीरी डैम का निर्माण 1990 में हुआ था, उस दौरान शहर की आबादी 3 लाख के लगभग थी। लेकिन बाद में आबादी लगातार बढ़ती गई और अब यहां आंकड़ा लगभग 7 लाख तक पहुंच गया है। यही कारण है कि बारिश में गंभीर बांध पूरा भर जाने के बावजूद जनवरी माह से जल संकट शुरू हो जाता है। इस बार भी यही स्थिति बनी थी और पिछले 2 महीने से पीएचई द्वारा शहर में 1 दिन छोड़कर जल प्रदाय किया जा रहा है। जल कार्यसमिति प्रभारी प्रकाश शर्मा ने बताया कि गंभीर डेम में अब भगवान महाकालेश्वर की कृपा से 13 सौ एमसीएफटी से अधिक पानी आ गया है। इसे देखते हुए आगामी सोमवार 24 जुलाई से शहर में नियमित जल प्रदाय किए जाने पर विचार हो रहा है। महापौर तथा अन्य जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद सोमवार से शहर में नियमित जल प्रदाय शुरू कर दिया जाएगा। तब तक 1 दिन छोड़ जल प्रदाय व्यवस्था बहाल रहेगी। ऐसे में अब शहर वासियों को 2 माह के जल संकट के बाद सोमवार से नियमित जल प्रदाय होने से इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।