top of page

पोहा फैक्ट्री अग्निकांड, परिजनों का चक्काजाम

17 Sept 2022

प्रशासन ने जारी की राहत राशि, कांग्रेसी बोले १०-१० लाख दो

उज्जैन/मालवा हेराल्ड | नागझिरी उद्योगपुरी पोहा फैक्ट्री में हुई आगजनी से ३ महिलाओं की मौत के बाद परिजनों ने देवास रोड पर चक्काजाम किया। प्रशासन ने राहत राशि के रूप में दो-दो लाख देने की बात कही है। कांग्रेसी नेताओं ने १०-१० लाख रुपए देने की मांग करते हुए फैक्ट्री संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग रखी।

विदित हो कि शुक्रवार शाम बिंदल पोहा फैक्ट्री में लगी आग के बाद ३ महिला कर्मचारियों दुर्गा बाई पति राधेश्याम ४५ वर्ष निवासी बोरखेड़ी आगर, ज्योति पति पप्पू २५ वर्ष नागझिरी और क्षमा पति लाल मालवीय ३० वर्ष निवासी नेहरू नगर की जलने से मौत हो गई थी |वही सीमा पति प्रह्लाद वाघेला को झुलसी हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शनिवार सुबह पुलिस ने तीनों मृतक महिलाओं का पोस्टमार्टम कराया और दोपहर में शव परिजनों के सुपुर्द किए। अंतिम संस्कार से पहले परिजनों ने शवों को देवास रोड पर रख चक्का जाम किया। इस दौरान कांग्रेस शहर अध्यक्ष रवि भदोरिया और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए थे। चक्का जाम की जानकारी लगने पर एसडीएम जगदीश मेहरा, आईपीएस विनोद कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर चक्का जाम खुलवाया। एसडीएम ने शासन की ओर से मृतक महिलाओं के परिजनों को २-२ लाख रुपए देने की घोषणा की। कांग्रेस नेताओं ने १०-१० लाख रुपए दिए जाने की मांग रखी और कहा कि फैक्ट्री में आगजनी से बचाव के कोई उपकरण मौजूद नहीं थे संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाए। आईपीएस मीणा ने जांच के बाद सख्त कार्रवाई की बात कही।


मोटर सुधारते समय हुआ था शॉर्ट सर्किट


जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतक महिलाओं के परिजनों ने बताया कि फैक्ट्री में विद्युत मोटर खराब हो गई थी जिसे सुधारने के लिए इलेक्ट्रीशियन को बुलाया गया था दो लोग मोटर सुधारने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान स्टार्टर का स्विच ऑन करते ही शॉर्ट सर्किट हुआ था और आग तेजी के साथ फैल गई थी। काम करने वाले दोनों युवक मौके से भाग निकले थे लेकिन उनके परिवार की महिलाएं आग की लपटों में आ गई। फैक्ट्री से बाहर निकलने का एक ही रास्ता था जिसके चलते तीनों महिलाओं की जान गई। कलेक्टर आशीष सिंह ने पूरे मामले की जांच के लिए ३ सदस्यों की टीम का गठन किया है और २ दिनों में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा। रिपोर्ट सामने आते ही फैक्ट्री संचालक और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page