
उज्जैन । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्वभर मे योग दिवस मनाया गया लेकिन धार्मिक नगरी में योग दिवस पर एक अनूठा आयोजन हुआ। जिसमे शिप्रा नदी के रामघाट पर 40 से अधिक बच्चो ने पानी में जल योग किया और पिरामिड बनाएं।
दुनिया भर में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा था और सामूहिक योग के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। धार्मिक नगरी में योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम कालिदास अकादमी में आयोजित किया गया था लेकिन शिप्रा नदी के राम घाट पर मां शिप्रा तैराक दल के 40 सदस्य ने अलग ही योग की प्रस्तुति दी। तैराक दल के सचिव संतोष सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्षानुसार हम कुछ अलग तरीके से ही योग दिवस मनाते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर पिछले 2 सप्ताह से हम लोग पानी में योग करने के साथ ही पिरामिड बनाने का अभ्यास कर रहे थे। मां शिप्रा तैराक दल के लगभग 40 सदस्यों द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रामघाट पर जल योग के साथ पिरामिड बनाकर इस दिवस को मनाया गया। तैराक दल के सभी सदस्य तैराकी सीखने वाले विद्यार्थी हैं। सोलंकी ने बताया कि पानी के अंदर योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन करना काफी कठिन होता है लेकिन छोटे छोटे नन्हे मुन्ने बच्चों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया।