top of page

दिसंबर तक पूरा होगा राम मंदिर के भूतल का निर्माण

27 Sept 2023

मकर संक्रांति के बाद होगी प्राण प्रतिष्ठा, प्रधानमंत्री मोदी होंगे शामिल

अयोध्या(एजेंसी)| तीन मंजिला राम मंदिर के भूतल का निर्माण दिसंबर के अंत तक पूरा हो जाएगा और प्राण प्रतिष्ठा समारोह अगले साल 22 जनवरी को होगा। राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि 15 से 24 जनवरी तक 'अनुष्ठान' होगा और इस दौरान प्राण प्रतिष्ठा भी होगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आने का समय तय हो गया है। वे 22 जनवरी को आएंगे और इसी दिन प्राण प्रतिष्ठा भी होगी| इसके लिए सभी को आमंत्रित किया गया है। मंदिर ट्रस्ट ने 14 जनवरी को मकर संक्रांति के बाद राम लला के अभिषेक की प्रक्रिया शुरू करने और राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का 10 दिवसीय अनुष्ठान करने का निर्णय लिया है।



राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने मीडिया को यह जानकारी दी कि मंदिर में हर वर्ष रामनवमी के दिन दोपहर बारह बजे सूर्य की किरणें श्रीराम की मूर्ति पर पड़ें, ऐसी व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि गर्भ गृह में दो मूर्तियां होंगी - एक चल और एक अचल. एक श्रीराम की बाल्यावस्था की और दूसरी रामलला की। उन्होंने कहा कि भगवान चार या पांच वर्ष की आयु के होंगे और मूर्ति की ऊंचाई 51 इंच होगी। उन्होंने कहा कि प्राण-प्रतिष्ठा के बाद प्रतिदिन लगभग सवा लाख दर्शनार्थियों के अयोध्या पहुंचने का अनुमान है।


ये भी पढ़ें -



bottom of page