top of page

श्राद्ध पक्ष समाप्त होने के बाद कांग्रेस और भाजपा घोषित करेंगे उम्मीदवारों के नाम

7 Oct 2023

भाजपा का घोषणा पत्र और कांग्रेस की पहली सूची तैयार है

भोपाल। विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान होने के पहले कांग्रेस और भाजपा में गतिविधियां तेज हो गई है। भाजपा ने 79 उम्मीदवार घोषित कर दिए। भाजपा का घोषणा पत्र और कांग्रेस की पहली सूची तैयार है,लेकिन श्राद्ध पक्ष आड़े आ गया है। नतीजतन भाजपा ने घोषणा-पत्र और कांग्रेस कांग्रेस की पहली सूची को फिलहाल टाल रखा है।


चर्चा जोरों पर है कि क्या चुनाव आयोग पितृपक्ष में चुनाव की घोषणा करेगा? कांग्रेस और भाजपा क्या इस श्राद्ध पक्ष में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेंगी? 2003 से लेकर 2018 तक के चुनाव लगभग श्राद्ध पक्ष के आसपास ही रहे,लेकिन दोनों ही दलों ने श्राद्ध पक्ष में उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की। इतना अवश्य है कि भारत निर्वाचन आयोग ने 2013 और 2018 में पितृपक्ष के बीच चुनाव की घोषणा जरूर की थी।


80 नाम तय, घोषणा श्राद्ध पक्ष के बाद


कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठकों का दौर चल रहा है। पार्टी ने पहली सूची के लिए लगभग 80 उम्मीदवारों के नाम लगभग तय कर लिए गए हैं। श्राद्ध पक्ष के कारण सूची को टाला जा रहा है। हालांकि कांग्रेस नेता सूची को टालने के संबंध में सीधे कुछ बोल नहीं रहे,लेकिन दबी जुबान श्राद्धपक्ष के कारण सूची जारी होने में विलंब की बात स्वीकार रहे है। हालांकि कांग्रेस नेता यह भी कह रहे है कि उनकी तैयारी पूरी है। कभी भी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी हो सकती है। श्राद्धपक्ष के मसले पर दोनों पार्टियां खुलकर कुछ भी बोलने से परहेज कर रही हैं। इस साल 29 सितंबर से शुरू हुआ श्राद्ध पक्ष 14 अक्टूबर तक चलेगा। इसके चलते ही भाजपा ने घोषणा पत्र को टाल दिया है। पहले पार्टी की ये तैयारी थी कि चुनाव की घोषणा होने के 48 घंटे बाद ही घोषणा पत्र का ऐलान किया जाएगा, लेकिन ज्योतिषियों की राय पर पार्टी ने ये फैसला आगे बढ़ा लिया है। संभवत: अब भाजपा नवरात्र में ही पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेगी। नवरात्र में घोषणा पत्र जारी करने को भी पार्टी एक बड़ा इवेंट बना सकती है। भाजपा पहले ही 79 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।


ये भी पढ़ें -



bottom of page