
दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आज दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रेंडा गांव में सुबह दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुई गोलीबारी में दोनों पक्षों के पांच लोगों की मृत्यु हो गई और तीन घायल हो गए, जिन्हें दतिया के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि एक ही गांव के दो परिवारों के बीच तीन दिन पूर्व खेत से मवेशी भगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के लिए आज दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराना था, लेकिन इससे पूर्व ही दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।
घटना पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया के माध्यम से ये प्रतिक्रिया व्यक्त की -
"मध्य प्रदेश में क़ानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। क़ानून व्यवस्था सम्भालने वाले गृह मंत्री के गृह ज़िले दतिया में गोलीबारी में पांच लोगों की मौत का दिल दहलाने वाला समाचार प्राप्त हुआ।
दतिया के रेड़ा गांव की ये घटना बताती है कि कमीशन और भ्रष्टाचार की व्यवस्था ने क़ानून और व्यवस्था में आम आदमी का भरोसा ख़त्म कर दिया है। इससे आम नागरिक दहशत में हैं। पैसे दो और काम लो की भ्रष्ट व्यवस्था ने आज पाँच लोगों की बलि ले ली। मैं मुख्यमंत्री से माँग करता हूँ कि आप जन आशीर्वाद के नाम पर जन अभिशाप को बढ़ावा ना दें।"
ये भी पढ़ें -
