
23 Sept 2023
लोकार्पण और भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, लाडली बहनों को अब 1250 रुपए मिलेंगे
उज्जैन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को उज्जैन में करोड़ों रुपए के विकास कार्य का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर भगवान महाकाल की कृपा नहीं होती तो अल्प बारिश के कारण पूरे प्रदेश में हाहाकार मच जाता। लाडली बहनों को अब हर महीने 1250 रुपए मिलेंगे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार की दोपहर लगभग एक घंटा देरी से उज्जैन पहुंचे। मुख्यमंत्री सीधे हरि फाटक स्थित सभा स्थल पहुंचे। जहां उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यहीं पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाकाल भक्त निवास और मेघदूत पार्किंग के अलावा करोड़ों रुपए के अन्य विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी किया।
महाकाल लोक ने बदल दी किस्मत
इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उज्जैन को तीन लोकों में सबसे प्यारी नगरी बनाने का वादा करते हुए कहा कि महाकाल लोक बनने के बाद उज्जैन की किस्मत ही बदल गई है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हम परिवार नहीं सरकार चलाते हैं।
अब बहू की रोटी पर ज्यादा घी लगाएगी सांस
मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणाओं की झड़ी लगाते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं की जिंदगी बदल है। उन्होंने कहा कि अब तक लाडली बहनों को ₹1000 हार महीने मिलता था, लेकिन अब उन्हें हर महीने 1250 रुपए मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि इसके बाद घरों में सास भी बहू की रोटी पर पहले से ज्यादा घी लगाएगी।
मकान के पट्टे भी देगी सरकार
मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अगले साल से मेघावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी दी जाएगी। इसके साथ ही अब लाड़ली बहनों को मकान के पट्टे भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, ओमप्रकाश सकलेचा, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, बहादुर सिंह चौहान और महापौर मुकेश टटवाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झूमा झटकी

सभा स्थल पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तय समय से लगभग 1 घंटा देरी से पहुंचे। इस बीच स्थानीय नेता मंच पर पहुंच गए थे और मुख्यमंत्री का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा के अनेक कार्यकर्ता मंच तक जाने की होड़ में सभा स्थल पर जबरन घुसने लगे। ऐसे भाजपाइयों को वहां सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया तो कुछ भाजपाइयों ने पुलिस अधिकारियों से बहस करना शुरू कर दिया और हाथापाई की नौबत आ गई। मंचासीन नेताओं ने उन्हें रोकने का प्रयास भी किया लेकिन कार्यकर्ता मानने को तैयार नहीं हुए। बाद में जैसे-तैसे मामला शांत हुआ।
देरी हुई तो लौट गई कई महिलाएं
भाजपाइयों द्वारा महिलाओं की भीड़ को कार्यक्रम स्थल पर करीब 2 घंटे पहले से लाकर बैठा दिया गया था। लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन में देरी के कारण कई महिलाएं इंतजार करते-करते थक गई और घर की ओर लौट गई। भाजपाइयों ने उन्हें रोकने का भी प्रयास किया लेकिन कई महिलाएं चली गई।
मीडिया से रूबरू हुए बगैर लौटे मुख्यमंत्री
लोकार्पण भूमि पूजन और सभा को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को हरसूद के लिए रवाना होना था। संबोधन के बाद मुख्यमंत्री जब मंच से नीचे आए और काफिले की ओर बढ़ने लगे तभी मीडिया कर्मियों ने उनसे चर्चा का प्रयास किया। इस पर मुख्यमंत्री ने अपनी घड़ी की ओर इशारा करते हुए कहा कि अभी वह जल्दी में है बाद में चर्चा करेंगे। यह कहकर मुख्यमंत्री सभा स्थल से रवाना हो गए।
ये भी पढ़ें -
