top of page

बंद का आह्वान वापस, फिर भी दिन भर लग रहा पुलिस बल

7 Dec 2023

11 मांगे मंजूर होने के बाद करणी सेना ने लिया निर्णय, मामला सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या का

उज्जैन। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जयपुर में मंगलवार को हुई हत्या को लेकर करणी सेना ने पूरे प्रदेश में गुरुवार को बंद का आह्वान किया था। जिसे वापस ले लिया गया। इसके बावजूद कल दिनभर शहर में जगह-जगह पुलिस बल लगा रहा।


करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह की हत्या के विरोध में तथा आरोपियों की गिरफ्तारी समेत 11 मांगों को लेकर बुधवार को टॉवर पर पुतला दहन के बाद कलेक्टोरेट पहुंचकर हत्यारों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग का ज्ञापन सौंपा गया था और गुरुवार को प्रदेश बंद का आह्वान किया गया था। लेकिन बाद में सरकार द्वारा उक्त सभी मांगे मान लिए जाने के बाद उसे वापस ले लिया गया। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस द्वारा सुबह से शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस फोर्स और फायर ब्रिगेड को तैनात किया गया था वहीं पुलिस ने वज्र वाहन के साथ फ्लैग मार्च भी निकाला। शहर के चामुंडा माता चौराहे से लेकर फ्रीगंज में टावर चौक और शहीद पार्क तक प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए भारी पुलिस बल लगा दिया था। प्रमुख चौराहों पर कल देर शाम तक अतिरिक्त पुलिस लगी नजर आ रही थी। करणी सेना के प्रदेश प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर में बताया कि करणी सेना द्वारा मांगों को लेकर सरकार को 24 घंटे का समय दिया गया था। नहीं माने जाने पर गुरुवार को उज्जैन सहित पूरे प्रदेश में बंद का आह्वान किया गया था। बुधवार रात को मांगे मान ली गई। इस कारण बैंड का आंदोलन निरस्त किया गया।


इधर शहर में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये पुलिस और प्रशासन ने फोर्स के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला जिसमें पुलिस का वज्र वाहन भी शामिल था।


एक दिन पहले हुआ था चक्का जाम और प्रदर्शन


बुधवार को करणी सेना के सैकड़ों सदस्यों द्वारा जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में टॉवर पर पुतला दहन किया था। इस दौरान करणी सेना पदाधिकारियों द्वारा पहले प्रदेश सहित उज्जैन बंद की बात कही गई लेकिन देर रात बंद का आह्वान वापस ले लिया गया। इसके बावजूद पुलिस द्वारा सतर्कता बरतते हुए सुबह से शहर के प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स एवं फायर ब्रिगेड के वाहनों को मुस्तैद किया। हालांकि शहर में जनजीवन सामान्य रहा, लेकिन पुलिस फोर्स को देखकर लोगों में उत्सुकता बनी रही। सुबह पुलिस अफसरों ने शहर के विभिन्न मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। शाम तक पुलिस सतर्क रही।


ये भी पढ़ें -



bottom of page