top of page

महाकालेश्वर अन्न क्षेत्र में आज से 50 हजार लोगों को मिलेगा निशुल्क भोजन

6 Oct 2023

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया लोकार्पण

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में परिसर में 25 करोड़ रुपयों की लागत से बना नया अन्न क्षेत्र बीती शाम मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पण होने के बाद आज से भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा। इसमें प्रतिदिन 50 हजार श्रद्धालु भोजन कर सकेंगे।


Shri Mahakaleshwar Annykshetra

त्रिवेणी संग्रहालय के समीप बना यह अन्न क्षेत्र सबसे अनूठा है, क्योंकि भोजन बनाने से लेकर धोने तक मशीनों से काम होगा। कर्मचारियों के हाथ प्रसादी पर नहीं लगेंगे। खास मशीनों के कारण हर समय गरमागरम भोजन मिलेगा। भोजन पहली और दूसरी मंजिल पर लाने, ले जाने के लिए 100 फीट की लिफ्ट भी इसमें लगाई गई है। सीएम शिवराजसिंह चौहान ने गुरुवार शाम इसका लोकार्पण किया।


Shri Mahakaleshwar Annykshetra

लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर पूरे भवन को करीब 200 क्विंटल फूलों से सजाया गया था। त्रिवेणी संग्रहालय के पास महाकाल मंदिर में प्रवेश के लिए बने नंदी द्वार के पास 51 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल पर इसे बनाया गया है। अन्न क्षेत्र में सब्जी बनाने के लिए 600 लीटर क्षमता की मशीनें लगाई गई हैं और रोटी बनाने के लिए चार मशीनें हैं। हर मंजिल पर डायनिंग हॉल की सुविधा है। किचन में कोल्ड स्टोरेज की भी सुविधा है। खाना गर्म रखने की ऑटोमेटिक मशीनें भी लाई गई हैं। किचन में 100 फीट लंबी लिफ्ट भी है, जिसमें बड़े बड़े बर्तनों से तैयार भोजन ऊपर की मंजिल पर आसानी से लाया जा सकेगा। यह केवल रसोई के कर्मचारियों के उपयोग के लिए है।


कलेक्टर बोले क्षमता 1 लाख की, फिलहाल 50 हजार


मुख्यमंत्री के लोकार्पण कार्यक्रम से पहले दोपहर में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम में पत्रकार वार्ता आयोजित की। त्रिवेणी संग्रहालय के सभागृह में उन्होंने बताया कि महाकालेश्वर मंदिर के नए अन्न क्षेत्र भवन में वैसे तो एक लाख लोगों को प्रतिदिन भोजन कराने की क्षमता है। परंतु अभी रोजाना 50 हजार भक्तों को भोजन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्र में भोजन निशुल्क दिया जाएगा लेकिन अगर कोई व्यक्ति चाहे तो स्वेच्छा से वह अपनी ओर से दान दे सकता है।


ये भी पढ़ें -



 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page