
उज्जैन।जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के जानकी नगर स्थित मकान में एक व्यक्ति फांसी पर लटकता मिला जबकि पत्नी और दो बच्चों की लाश जमीन पर पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे और जांच पड़ताल शुरू कर दी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मनोज राठौर नाम व्यक्ति मजदूरी करता था। यह जयसिंहपुरा क्षेत्र का मूल निवासी है और चार माह पहले जानकी नगर में परिवार के साथ किराये के मकान में रह रहा था। गुरुवार को सुबह करीब 11:30 बजे तक इसके घर के दरवाजे नहीं खुले, वहीं इसी दौरान उससे मिलने कोई परिचित आया था। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। दरवाजा खुलने पर भीतर का जो दृश्य था वह बड़ा ही डरावना था। कमरे में मनोज की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी, वहीं नीचे उसकी पत्नी ममता, 8 वर्षीय बेटे लक्की और 5 साल की बेटी कनक की लाश पड़ी हुई थीं। पुलिस के अनुसार महिला और दोनों बच्चों के मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि संभवत: मनोज ने तीनों को जहरीला पदार्थ खिला दिया और उसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस के अनुसार मनोज और उसके परिवार को जानकी नगर में आए अधिक समय नहीं हुआ था। ऐसे में आस पड़ोसियों और मोहल्ले वालों को मनोज के बारे में अधिक जानकारी नहीं है। केवल परिवार के सदस्यों के नाम और उसके मजदूरी करने की जानकारी है। सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि मनोज कुछ समय पहले ही जयसिंहपुरा से रहने आया था। पुलिस ने घर जल की तलाशी भी ली है फिलहाल कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस मामले के हर पहलू पर बारीकी से जांच पड़ताल कर रही है।
ये भी पढ़ें -
