top of page

Ujjain News: करोड़ों के गबन से नाराज किसानों ने किया घेराव

उज्जैन। सेवा सहकारी संस्था लेकोडा में हुए करोड़ों रुपए के गबन के मामले में शुक्रवार दोपहर किसानों ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्यालय पर जमकर हंगामा मचाया। बैंक प्रबंधक द्वारा लिखित में कार्रवाई किए जाने का आश्वासन देने पर नाराज किसान मानें और धेराव समाप्त किया।


उल्लेखनीय है कि लेकोडा कि उक्त समिति द्वारा किसानों से लोन की राशि सोसाइटी प्रबंधन द्वारा ले ली गई किसानों के लोन खाते में जमा नहीं की। किसानों ने बताया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की सेवा सहकारी संस्था लेकोडा में सोसायटी प्रबंधक द्वारा किसानों के साथ लोन के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की गई है। सोसाइटी प्रबंधक द्वारा किसानों से लोन की राशि ले ली गई, लेकिन सोसायटी में जमा नहीं की गई। अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता लगने पर सैकड़ो किसान पिछले तीन-चार दिनों से भरतपुरी स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रहे हैं। अब तक धोखाधड़ी करने वाले प्रबंधक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कराई गई। इस कारण फिर शुक्रवार को प्रदर्शन और घेराव करना पड़ा।


सोसाइटी प्रबंधक की संपत्ति बेचकर दो हमारा पैसा


करोड़ों की धोखाधड़ी से नाराज किसानों ने शुक्रवार को फिर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक भरतपुरी पहुंचकर जमकर हंगामा किया और महाप्रबंधक विशेष श्रीवास्तव को उनके चेंबर में घेर लिया। किसानों का कहना था कि सोसाइटी प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए और उसकी संपत्ति बेच कर किसानों को राशि दी जाए। बैंक महाप्रबंधक द्वारा सात दिन में शिकायत का निराकरण किए जाने का लिखित में आश्वासन दिए जाने पर घेराव समाप्त किया गया।


प्रबंधक के खाते सीज किए


प्रदर्शन और घेराव कर रहे किसानों ने बताया कि यदि 7 दिनों में किसानों के खातों में रुपए नहीं डाले गए तो फिर से आंदोलन किया जाएगा। वहीं महाप्रबंधक विशेष श्रीवास्तव ने बताया कि सोसायटी प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। वहीं उसके बैंक खातों को सीज कर दिया गया है। तब जाकर किसानों ने घेराव समाप्त किया।


ये भी पढ़ें -



 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page