
14 Sept 2023
कांग्रेस 100 प्रत्याशियों की पहली सूची जल्द घोषित करेगी, भाजपा में दूसरी सूची को लेकर बैठकों का दौर
उज्जैन। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा तथा कांग्रेस में प्रत्याशियों के चयन को लेकर बुधवार को लगातार बैठकों का दौर चलता रहा। कांग्रेस जहां100 सीटों पर उम्मीदवार चयन के लिए मंथन कर रही है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता 66 सीटों पर उम्मीदवारों के चयन के लिए लगातार 2 दिन से विचार विमर्श कर रहे हैं। कांग्रेस आज शाम तक या फिर कल अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। भाजपा पहले ही 39 उम्मीदवार तय कर चुकी है।
कांग्रेस पार्टी से जुड़े सूत्रों के अनुसार मध्य प्रदेश विधानसभा की करीब 100 सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच मंथन चल रहा है। ऐसी सीट जहां के लिए प्रत्याशी घोषित करने में कोई दिक्कत नहीं और पार्टी के क्राइटेरिया के अनुसार है, वहां के लिए नाम तय कर लिए गए हैं। इनमें उज्जैन जिले की सात सीटों में से तीन सीट तराना, घट्टिया और नागदा-खाचरौद शामिल है। इनके अलावा शेष चार सीटों पर बाद में नाम घोषित किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन लिए दिल्ली में बैठकों का दौर चल रहा है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह की मौजूदगी में मैराथन बैठक में चर्चा की गई है। टिकट के क्राइटेरिया को लेकर भी कमेटी के सदस्यों ने बात की। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने 100 सीटों पर नामों को लेकर चर्चा की है।
64 सीटों पर प्रत्याशियों के लिए भाजपा में लगातार मंथन..
भाजपा पहली लिस्ट में 39 पार्टी उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। वहीं इसके उपरांत 64 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार चयन करने के लिए लगातार 2 दिन से चर्चाओं का दौर चलता रहा। बुधवार देर रात तक भी चर्चा चलती रही है। इसके लिए मंगलवार को जहां दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बंगले पर सीएम शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की जेपी नड्डा, अमित शाह और बीएल संतोष के साथ करीब चार घंटे तक बैठक हुई। बुधवार को भी दिन भर राजधानी भोपाल में बैठकों का दौर चलता रहा। लेकिन देर शाम तक सूची फाइनल नहीं हो सकी थी।
कांग्रेस की पहली सूची में इन नाम पर लगा सकती है मोहर....
बाबू जंडेल श्योपुर, राकेश मावई मुरैना, डॉ. गोविन्द सिंह लहार, डॉ. सतीश सिकरवार ग्वालियर पूर्व, लाखन सिंह यादव भितरवार, घनश्याम सिंह सेंवढ़ा, केपी सिंह पिछोर, लक्ष्मण सिंह चाचौड़ा, जयवर्धन सिंह राघौगढ़, गोपाल सिंह चौहान चंदेरी,तरवर लोधी बंड़ा, विक्रम सिंह नातीराजा राजनगर, आलोक चतुर्वेदी छतरपुर, नीलांशु चतुर्वेदी चित्रकूट, कमलेश्वर पटेल सिंहावल, फुन्देलाल सिंह मार्को पुष्पराजगढ़, विजयराघवेन्द्र सिंह बड़वारा, संजय यादव बरगी जबलपुर पूर्व, लखन घनघोरिया जबलपुर उत्तर, विनय सक्सेना जबलपुर पश्चिम, तरुण भनोत, भूपेन्द्र मरावी शहपुरा, ओमकार सिंह मरकाम डिंडौरी, नारायण सिंह पट्टा, बिछिया डॉ. अशोक मर्सकोले निवास, हिना कांवरे उलांजी, अर्जुन काकोडिया बरघाट, योगेन्द्र सिंह लखनादौन, एनपी प्रजापति गोटेगांव, संजय शर्मा तेंदूखेड़ा, सुनील उईके जुन्नारदेव, चौधरी सुजीत सिंह चौरई सौंसर, विजय चौरे छिंदवाड़ा, कमलनाथ परासिया, सोहनलाल वाल्मीकि, सुखदेव पांसे मुलताई निलय डागा बैतूल, ब्रह्मा भलावी घोड़ाडोंगरी, आरिफ मसूद भोपाल मध्य, रामचंद्र दांगी ब्यावरा, बापू सिंह तंवर राजगढ़, प्रियव्रत सिंह खिलचीपुर विपिन वानखेड़े आगर, हुकुम सिंह कराड़ा शाजापुर, कुणाल चौधरी कालापीपल, सज्जन सिंह वर्मा सोनकच्छ, झूमा सोलंकी, भीकनगांव, डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ महेश्वर, सचिन यादव कसरावद, रवि जोशी खरगोन, बाला बच्चन राजपुर, चंद्रभागा किराड़े पानसेमल, मुकेश रावत आलीराजपुर, कांतिलाल भूरिया झाबुआ, वीरसिंह भूरिया थांदला, प्रताप ग्रेवाल सरदारपुर, उमंग सिंघार गंधवानी, सुरेन्द्र सिंह बघेल कुक्षी, डॉ. हीरालाल अलावा मनावर, पांचीलाल मेड़ा धरमपुरी,विशाल पटेल देपालपुर, संजय शुक्ला इंदौर-1,जीतू पटवारी राऊ,दिलीप सिंह गुर्जर नागदा-खाचरौद, रामलाल मालवीय घट्टिया, महेश परमार तराना, हर्ष विजय गेहलोत सैलाना, मनोज चावला आलोट।
आज शाम या कल तक हो सकती है घोषणा...
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी उम्मीदवारों के 100 नामों के चयन पर बुधवार को दिनभर भोपाल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठकों का दौर चला। इसमें लंबे समय से हार रही 66 सीटों पर नए उम्मीदवारों के चयन पर लंबा विचार मंथन चला। वहीं उन सीटों पर पहले उम्मीदवार घोषित करने पर भी विचार विमर्श किया गया जहां वर्तमान में कांग्रेस के अपने विधायक हैं। पार्टी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि प्रत्याशी चयन को लेकर जो आंतरिक सर्वे कराया गया था। उसमें एंटी इनकमबेंसी नहीं मिली है। वर्तमान में कांग्रेस के 96 विधायकों में से करीब 35 विधायक ऐसे हैं, जिनके टिकट काटे जा सकते हैं। इन सीटों को छोड़कर करीब 60 विधायकों के टिकट घोषित किए जा सकते हैं। इसमें उज्जैन जिले की तराना सीट से महेश परमार, घट्टिया से रामलाल मालवीय और नागदा-खाचरोद से दिलीप सिंह गुर्जर के नाम तय कर लिए गए है। नामों पर मोहर लगना शेष है। हालांकि अभी इस पर खुलकर पार्टी का कोई भी वरिष्ठ नेता कुछ नहीं कह रहा है। आज शाम तक या फिर कल तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
ये भी पढ़ें -
