
उज्जैन। शनिवार को देश के नए चीफ ऑफ डिफेंस सीडीएस अनिल चौहान उज्जैन पहुंचे तथा उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर जाकर पत्नी संग महाकाल के दर्शन किए।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ देश की जानी-मानी हस्तियों ने भगवान महाकालेश्वर के दरबार में अपना शीश झुकाया। इनसे पहले भारतीय थल सेना की पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राणा प्रताप कलिता और डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) की महानिदेशक डॉ. चंद्रिका कौशिक और आरबीआई के डिप्टी गवर्नर टी रविशंकर भी महाकाल के दरबार पहुंचे थे। उन्होंने महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन लाभ लिए। इस दौरान सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे। उल्लेखनीय है कि महाकाल लोक बन जाने के बाद यहां दर्शन के लिए देश के कई बड़े-बड़े लोगों के आने का सिलसिला जारी है। शनिवार को भी भस्मारती में कई प्रमुख लोग शामिल हुए। तड़के 2:30 बजे महाकाल मंदिर के पट खोले गए और 3 बजे भस्मारती शुरू हुई। भस्म आरती के पहले बाबा महाकाल को जल से स्नान कराकर महा पंचामृत अभिषेक हुआ। तत्पश्चात भांग, सूखे मेवे और चंदन से भोलेनाथ का आकर्षक श्रंगार किया गया और वस्त्र धारण कराए गए। इसके बाद बाबा महाकाल को भस्म रमाकर ढोल नगाड़े और शंखनाद के साथ भस्मारती की गई ।जिसमें भारतीय थल सेना की पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राणा प्रताप कलिता और डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) की महानिदेशक डॉ. चंद्रिका कौशिक और आरबीआई के डिप्टी गवर्नर टी रविशंकर ने परिवार सहित शामिल होकर दर्शन लाभ लिए। इस दौरान महाकाल मंदिर प्रबंध समिति द्वारा सभी का दुपट्टा पहनाकर और प्रसाद भेंट कर सम्मान किया गया। देश की इन प्रमुख हस्तियों के उज्जैन आगमन को लेकर पूरे शहर के अलावा महाकाल मंदिर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। शनिवार को महाकालेश्वर मंदिर में दिनभर आम श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़ उमड़ती रही।
ये भी पढ़ें -
