top of page

मध्य प्रदेश में न न्याय है, न कानून व्यवस्था और न अधिकार - राहुल गाँधी

27 Sept 2023

आज मध्य प्रदेश की बेटियों की स्थिति से पूरा देश शर्मसार है

उज्जैन(शुभम ताम्रकार)| मध्य प्रदेश के उज्जैन में 12 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में राहुल गाँधी ने आक्रोश प्रकट किया है| उन्होंने इसे भयावह अपराध बताया, राहुल ने अपनी पीड़ा सोशल मीडिया पर व्यक्त करते हुए लिखा कि ये भारत माता के हृदय पर आघात है।



उन्होंने आगे लिखा कि मध्य प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ़ अपराध और नाबालिग बच्चियों के खिलाफ़ हुए दुष्कर्म की संख्या अन्य राज्यों की तुलना में सबसे अधिक है| उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार बेटियों की रक्षा करने में अक्षम है।


राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव और मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि "ऐसी दुर्दांत और वीभत्स “निर्भय कांड ” से भी घिनौनी घटना के लिए शिवराज सरकार को चुल्लू भर पानी में डूब कर मर जाना चाहिये। जो 12 साल की अबोध बच्ची के साथ न्याय नहीं सकते, ऐसी भाजपा सरकार को सत्ता में एक क्षण भी बने रहने का अधिकार नहीं।"


एनआई को भोपाल में दिये एक साक्षात्कार में सुरजेवाला ने कहा "उज्जैन की घटना ने देश की आत्मा को शर्मसार कर दिया। 12 वर्ष की एक बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ... बच्ची अर्धनग्न हालत में घंटों तक घूमते हुए देखी गई, उसके शरीर से खून का रिसाव होता रहा। मध्य प्रदेश में क्या हो रहा है? शिवराज सिंह चौहान और भाजपा को उल्लास मनाने से फुरसत मिले तब तो वे मध्य प्रदेश की बेटियों की चीख सुन सकेंगे... उस बेटी ने कहा कि उसकी मां के साथ भी गलत हुआ। सरकार सोई हुई है... इन दरिंदों को तुरंत गिरफ़्तार करना चाहिए"



इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी इस घटना की समाज के माथे पर कलंक बताया| उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की| उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि "मैं मुख्यमंत्री से जानना चाहता हूं कि क्या आप सिर्फ चुनाव ही लड़ते रहेंगे और झूठी घोषणाएं ही करते रहेंगे?" उन्होंने अपनी बात में आगे कहा कि "जिस बेटी के साथ यह दरिंदगी हुई क्या वह लाडली लक्ष्मी और लाडली बहना नहीं है?"


कमलनाथ ने कहा कि "मध्य प्रदेश में कानून का राज समाप्त हो चुका है। मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री के होते हुए भी मुख्यमंत्री विहीन हो चुका है। अपराधी निरंकुश है और जनता परेशान है।"



इस मामले में उज्जैन पुलिस ने भी एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है| पुलिस के अनुसार "थाना महाकाल की एफआरवी 07 पर मोबाइल नंबर 6264 777 901 से कपिल बैरागी द्वारा एक बालिका जो बड़नगर रोड पर उसे घूमती हुई नजर आई की सूचना महाकाल थाने पर दी गई महाकाल पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को अपने संरक्षण में लेकर उससे घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त कर उसे तत्काल मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जाकर उसका उपचार कराया गया एवं उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध पंजीकृत कर विवेचना में लिया गया है बालिका द्वारा अपने माता के संबंध में कोई भी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है बालिका का उपचार विशेषज्ञ डॉक्टरों की मेडिकल टीम द्वारा किया जा है मेडिकल टीम द्वारा बालिका का सफल ऑपरेशन किया गया है पुलिस जवानों के द्वारा बालिका को रक्त दिया गया हैं बालिका विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में है|


पुलिस टीम द्वारा घटना घटित करने वाले आरोपी के संबंध में पतारसी की जा रही है ।तकनीकी साक्ष्य एवम् परिस्थितिजन्य साक्ष्य के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति से पुलिस पूछताछ कर रही है अब तक उक्त संदेही को पुलिस ने ना ही अभिरक्षा में लिया है ना ही गिरफ़्तार किया है।"


इस मामले में अभी तक लड़की के परिवार वालों अथवा निवास स्थान के बारे में कोई सटीक जानकारी मीडिया से साझा नहीं की गई है| मासूम के माता-पिता के मिलने पर ही उसके उज्जैन तक पहुँचने के बारे में पता चल सकेगा| बच्ची की भाषा के आधार पर उसका उत्तर प्रदेश से होना बताया जा रहा है| मामला काफी गंभीर और संवेदनशील होने पर पुलिस कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रही है।


ये भी पढ़ें -




bottom of page